ऊंचाहार, रायबरेली। पवित्र सावन मास को लेकर ऊंचाहार नगर के पौराणिक महादेवन मंदिर में जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु नगर पंचायत ने विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल के निर्देश पर मंगलवार को व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण चंद जायसवाल ने बताया कि पूरे सावन माह में शिवभक्तों के लिए मंदिर परिसर में गंगाजल की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए टैंकर और जल भंडारण की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास प्रतिदिन साफ-सफाई कराई जाएगी।
गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो-2026 में आरेडिका ने बिखेरी प्रतिभा
रायबरेली। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 25 से 27 जुलाई, 2026 तक एनएनएस मीडिया ग्रुप द्वारा आयोजित गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो-2026 में आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली ने अपनी उत्कृष्ट विनिर्माण क्षमता, तकनीकी नवाचारों तथा भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण में निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार आरेडिका ने प्रदर्शनी में अपना स्टॉल स्थापित कर रेलवे कोच निर्माण के क्षेत्र में ‘मेक इन इंडिया’ एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’ के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में बच्चों एवं अन्य आगंतुकों ने आरेडिका के स्टॉल का अवलोकन किया और संस्थान की उपलब्धियों की सराहना की। प्रदर्शनी के समापन अवसर पर एनएनएस मीडिया ग्रुप ने आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली को उत्कृष्ट प्रदर्शन, नवाचार एवं राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया।
एसपी रवि कुमार ने अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को दिखाई हरी झंडी
रायबरेली। जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रायबरेली पुलिस ने अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन ऑपरेशन की शुरुआत कर दी है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुलिस कार्यालय परिसर से इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन स्पीड डिटेक्शन रडार, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, एलईडी डिस्प्ले बोर्ड सहित अन्य आधुनिक उपकरणों से लैस हैं। इनमें स्थापित रडार प्रणाली चलते वाहनों की गति का सटीक मापन कर निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की तत्काल पहचान करेगी।
पूर्व प्रधान ने सीडीओ पर लगाए गंभीर आरोप, सीडीओ बोले—आरोप पूरी तरह निराधार
➤ रिश्वत मांगने, झूठा मुकदमा दर्ज कराने और उत्पीड़न का आरोप
➤ सीडीओ ने कहा—जांच के बाद हुई कार्रवाई, न्यायालय से भी राहत नहीं मिली
हाथरस। हसायन ब्लॉक की ग्राम पंचायत हैथा रघुनाथपुर के पूर्व प्रधान अशोक अग्निहोत्री ने प्रेस वार्ता में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। वहीं, सीडीओ ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें निराधार बताया है। पूर्व प्रधान अशोक अग्निहोत्री का आरोप है कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के दौरान शिकायत होने के बाद उन्हें सीडीओ कार्यालय बुलाया गया, जहां उनसे कथित रूप से एक लाख रुपये की मांग की गई। एक लाख रुपये की डिमांड का उन्होंने विरोध किया, तो कथित तौर पर उनसे कहा गया कि “मेरी पत्नी जालौन जिले की बीजेपी की अध्यक्ष है और मुख्यमंत्री तक पहुंच है।” पूर्व प्रधान अशोक अग्निहोत्री का कहना है कि मांग पूरी न करने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद उनकी प्रधान की शक्तियां समाप्त कर दी गईं और बाद में उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया।
सीएमओ ने आरोग्य मेलों का किया निरीक्षण
हाथरस। मुख्य चिकित्सा अधिकारी वेद प्रकाश ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलेसर रोड, चिंतापुर बदन, एहन और लाडपुर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित मिले। निरीक्षण के समय तक जलेसर रोड, चिंतापुर बदन, एहन और लाडपुर केंद्रों पर क्रमशः 22, 27, 38 और 40 मरीजों का उपचार किया जा चुका था। एहन और लाडपुर में 15 वर्ष तक की सभी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने की जानकारी दी गई, जबकि चिंतापुर बदन में केवल एक बालिका का टीकाकरण शेष था, जिसे उसी दिन वैक्सीन लगाने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में सदर विधायक अदिति सिंह ने सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं
रायबरेली। सदर विधायक अदिति सिंह ने रविवार को लालूपुर चौहान स्थित अपने आवास पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, नाली, आवास समेत विभिन्न जनसमस्याओं से विधायक को अवगत कराया। जनसुनवाई के दौरान विधायक अदिति सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
एम्स रायबरेली में लाइव लैप्रोस्कोपिक सर्जरी कार्यशाला आयोजित
रायबरेली। एम्स रायबरेली के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग ने ‘फेडरेशन ऑफ ऑब्सटेट्रिक एंड गायनेकोलॉजिकल सोसाइटीज ऑफ इंडिया’ (FOGSI) और ‘इंडियन एसोसिएशन ऑफ गायनेकोलॉजिकल एंडोस्कोपिस्ट्स’ (IAGE) के सहयोग से लाइव लैप्रोस्कोपिक सर्जरी कार्यशाला का आयोजन किया। ‘EAGLE’ (एवरी एस्पायरिंग गायनेकोलॉजिस्ट लर्न एंडोस्कोपी) नामक इस कार्यशाला का उद्देश्य पोस्टग्रेजुएट छात्रों और प्रैक्टिस कर रहे स्त्री रोग विशेषज्ञों को कम चीर-फाड़ वाली स्त्री-रोग संबंधी सर्जरी का व्यावहारिक प्रशिक्षण और उन्नत तकनीकों से अवगत कराना था।
देश के युवाओं ने लोकतांत्रिक तरीके से बुलंद की अपनी आवाज, यह लोकतंत्र की सबसे बड़ी जीत : डॉ. शशिकांत शर्मा
रायबरेली। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. शशिकांत शर्मा ने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी जीत केवल युवाओं की नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं ने जिस एकजुटता, धैर्य और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद की, उससे यह साबित हुआ है कि लोकतंत्र में जनशक्ति सर्वोपरि होती है। डॉ. शर्मा ने कहा कि जो कार्य विपक्ष भी प्रभावी ढंग से नहीं कर पाया, उसे आज की जेन-जी (Gen Z) ने अपने साहस, जागरूकता और एकता के बल पर कर दिखाया। युवाओं ने अपने अधिकारों और भविष्य की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लड़कर पूरे देश के सामने नई मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि युवाओं की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ करने के लिए 28 आशा कार्यकर्ताओं का चयन
रायबरेली। शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला स्तरीय चयन समिति ने 28 आशा कार्यकर्ताओं का चयन किया। इसके लिए आयोजित साक्षात्कार में अभ्यर्थियों का मूल्यांकन कर चयन प्रक्रिया पूरी की गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा ने बताया कि शहरी क्षेत्र में आशा कार्यकर्ताओं के कुल 105 स्वीकृत पद हैं। 25 जुलाई को 29 पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किया गया था, जिसमें 28 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। एक पद के लिए आवेदन प्राप्त न होने के कारण वह रिक्त रह गया।
देव शयनी एकादशी पर गंगा तट पर गूंजा जयघोष, हुई भव्य आरती
ऊंचाहार, रायबरेली। देव शयनी एकादशी के पावन अवसर पर शनिवार शाम क्षेत्र के गोकना गंगा तट पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने किया। इस दौरान मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन हुआ। गंगा घाट को दीपों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। पूजा-अर्चना के बाद पुरोहित जितेंद्र द्विवेदी के मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की आरती शुरू हुई। आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ढोल-नगाड़ों और शंखनाद से पूरा घाट भक्तिमय माहौल में गूंज उठा।
Jansaamna