Monday, September 7, 2026
Breaking News

आरेडिका में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का जिला स्तरीय योग शिविर संपन्न

रायबरेली। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर रेलवे, आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) रायबरेली जिला संघ द्वारा आयोजित पांच दिवसीय जिला स्तरीय योग शिविर का सफलतापूर्वक समापन हो गया। 19 जून से 23 जून, 2026 तक जिला प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित इस शिविर में 46 स्काउट्स एवं गाइड्स ने भाग लिया। शिविर का उद्घाटन प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव ने योग जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने योग, स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया।

पांच दिनों तक चले शिविर में प्रतिदिन योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा योग नृत्य प्रतियोगिता, योग जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक, चित्रकला प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, निबंध लेखन, योग प्रश्नोत्तरी, “खेल-खेल में योग” गतिविधि, योग जागरूकता रैली तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 21 जून को आयोजित कार्यक्रमों में प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी आभा जैन भी उपस्थित रहीं।

Read More »

योग महोत्सव के समापन पर स्वस्थ जीवन और संस्कारित समाज निर्माण का लिया संकल्प

रायबरेली। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मातृभूमि सेवा मिशन आध्यात्मिक सेवा संस्थान इकाई रायबरेली द्वारा आयोजित पांच दिवसीय योग महोत्सव का सोमवार को भव्य एवं गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। योग, संस्कार और सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में बड़ी संख्या में योग साधकों, महिलाओं, बच्चों, युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए स्वस्थ जीवन और सकारात्मक समाज निर्माण का संकल्प लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल जज स्वप्निल पांडेय, विशिष्ट अतिथि के रूप में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रायबरेली के प्राचार्य एस.के. श्रीवास्तव तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में राइजिंग चाइल्ड स्कूल के प्रबंधक एडवोकेट अरविंद श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मातृभूमि सेवा मिशन के वरिष्ठ सलाहकार एवं शिक्षाविद् डॉ. संतलाल, योग साधिका सीमा सिंह और मंडल अध्यक्ष भगवत प्रताप सिंह ने किया।

Read More »

फिरोजाबाद को मिली 658 करोड़ रुपये से अधिक की 81 विकास परियोजनाओं की सौगात

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे कांच नगरी फिरोजाबाद पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने जनपद को 658 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 81 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए उनका लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से जनपद के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने टूण्डला तहसील के ग्राम पंचायत उसायनी में आयोजित भव्य समारोह में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपीं, जिससे लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक और उपकरण भी वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्र में 139 करोड़ रुपये की लागत से 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 67 करोड़ रुपये की लागत से 22 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। वहीं टूण्डला विधानसभा क्षेत्र में 94 करोड़ रुपये की लागत से 14 परियोजनाओं का लोकार्पण और 358 करोड़ रुपये की लागत से 26 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।

Read More »

मोहर्रम को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

अनुपम दुबे: कानपुर देहात। आगामी मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति, सौहार्द एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं भारी पुलिस बल के साथ अकबरपुर-रूरा रोड पर पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मार्ग पर किए गए सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर मोहर्रम पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन त्योहार के दौरान हर परिस्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों तथा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और उनके विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Read More »

मालगाड़ी के डिब्बे में लगी भीषण आग, चार दमकलों ने पाया काबू

फिरोजाबाद। थाना लाइनपार क्षेत्र के रूपसपुर के निकट बुधवार शाम डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चार पहिया वाहनों से लदी एक मालगाड़ी के डिब्बे में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। जानकारी के अनुसार मालगाड़ी टूंडला से कानपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रूपसपुर के पास एक डिब्बे में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे दूर-दूर तक धुआं दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) तथा रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेरकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तेज लपटों और धुएं के कारण राहत कार्य चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन संयुक्त प्रयासों से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सत्येंद्र पांडे ने बताया कि मालगाड़ी में चार पहिया वाहन लदे हुए थे। आग लगने के बाद सुरक्षा कारणों से डीएफसी का एक रूट अस्थायी रूप से बाधित कर दिया गया, जबकि दूसरे रूट पर रेल परिचालन जारी रहा। उन्होंने बताया कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन और संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।

Read More »

बंगाल में जीत: 5 कारण जिनसे भाजपा ने ममता बनर्जी को हराया

राजीव रंजन नाग: नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में 200 पार सीटों की संख्या देखकर भारतीय जनता पार्टी सुखद रूप से हैरान थी। यह संख्या पार्टी के आंतरिक अनुमानों (185 से अधिक विधानसभा सीटें जीतने का अनुमान) से कहीं ज्यादा रही। भाजपा ने राज्य में अपनी इस शानदार जीत का श्रेय कई कारणों को दिया, जिन्हें पाँच प्रमुख श्रेणियों में बांटा जा सकता है। पार्टी के अनुसार “सुरक्षा” एक प्रमुख मुद्दा रहा—चाहे वह टीएमसी के 15 साल के शासन में कानून-व्यवस्था की स्थिति हो, या राज्य सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते और पेंशन से जुड़े मुद्दे, या फिर केंद्र के नेतृत्व में विकास।

1. महिलाओं के वोट
भाजपा का मानना है कि महिलाओं के वोट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। पिछले महीने एनडीए सरकार द्वारा विधायिका में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने की कोशिशों से विपक्षी दलों के “महिला-विरोधी” होने का नैरेटिव मजबूत हुआ। पार्टी के एक मंत्री के अनुसार, महिलाओं का समर्थन भाजपा के पक्ष में कम से कम 5 प्रतिशत तक बढ़ा। राज्य में महिला मतदाताओं की संख्या लगभग पुरुषों के बराबर है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद कुल 6.44 करोड़ मतदाताओं में 3.28 करोड़ पुरुष और 3.16 करोड़ महिला मतदाता शामिल थीं।

2. सरकारी कर्मचारियों को लुभाना
सत्ता-विरोधी लहर, कर्मचारियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे और सातवें वेतन आयोग जैसे वादों ने बड़ा असर डाला। सूत्रों के मुताबिक, “20 से 50 लाख” मतदाताओं का एक बड़ा वर्ग—जिसमें सरकारी कर्मचारी और नौकरी के इच्छुक युवा शामिल हैं—भाजपा की ओर आकर्षित हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सत्ता में आने के 45 दिनों के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू करने और रिक्त पदों को भरने का वादा किया था।

Read More »

दामजीभाई एन्करवाला पर जारी किया गया डाक टिकट

अहमदाबाद: ब्यूरो। भारतीय डाक विभाग द्वारा कच्छ के जल क्रन्तिकारी के रूप में प्रसिद्ध ‘दामजीभाई एन्करवाला’ पर एक कस्टमाइज़्ड डाक टिकट जारी किया गया। सर्किल कार्यालय, अहमदाबाद में आयोजित एक समारोह में गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावळेश्वरकर और उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने 29 दिसंबर, 2025 को उक्त डाक टिकट (माई स्टैम्प) जारी किया। इस अवसर पर निदेशक डाक सेवाएं सुरेख रेघुनाथेन, सौराष्ट्र ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी हार्दिक मामानिया, ट्रस्टी संजयभाई डी शाह, अतुल डी शाह, कच्छमित्र के संपादक दीपक मांकड़, कच्छमित्र के महाप्रबंधक मुकेश ढोलकिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल गणेश वी. सावळेश्वरकर ने कहा कि डाक टिकटों के माध्यम से देश की संस्कृति, इतिहास, विज्ञान और उपलब्धियों को दर्शाया जाता है, जो संचार के साथ-साथ राष्ट्रीय गौरव और विरासत को बढ़ावा देते हैं। दामजीभाई एन्करवाला का जीवन कच्छ और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित था और उनकी तरह ही युवाओं को मातृभूमि के प्रति अपनी निष्ठा और जिम्मेदारी सदैव स्मरण रखनी चाहिए।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि दामजीभाई एन्करवाला ने कच्छ के जल प्रबंधन में बहुमूल्य योगदान दिया। एक उद्योगपति के साथ-साथ वे प्रसिद्ध समाज सेवी भी रहे। कच्छ के जल योद्धा के रूप में जारी यह डाक टिकट दामजीभाई के व्यक्तित्व, संघर्ष और समाज के प्रति उनके योगदान को देश-विदेश में आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का माध्यम बनेगा। श्री यादव ने कहा कि डाक टिकट वास्तव में एक नन्हा राजदूत है, जो विभिन्न देशों का भ्रमण करता है एवम् उन्हें अपनी सभ्यता, संस्कृति और विरासत से अवगत कराता है।

Read More »

मुलायम सिंह यादव की शोभयात्रा का लेकर हुई चर्चा

फिरोजाबाद। द्रविण जनकल्याण महासभा द्वारा काशीराम, धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव एवं डॉ राममनोहर लोहिया के परिनिर्वाण दिवस पर एक श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन द्वारकाधीश गार्डन में किया गया। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष संत धर्मदास ने श्रद्वांजली अर्पित करते हुए नमन किया। बैठक में 23 नवंबर को धरतीपुत्र नेताजी मुलायम सिंह यादव की जन्म जयंती पर निकलने वाली यात्रा का अध्यक्ष के लिए युवा बेटी सोनी यादव (बुलेटरानी) के नाम प्रस्ताव रखा गया।
मुख्य संयोजक के रूप में अनिरुद्ध प्रताप सिंह भोला यादव, शोभायात्रा संयोजक प्रवीण प्रवीण कुमार उर्फ गुड्डू यादव को सर्वसम्मति से बनाया गया।

Read More »

निर्भय रहें बेटियां, पुलिस है आपके साथ-कल्पना राजौरिया

फिरोजाबाद। मेडिकल कॉलेज जलेसर रोड कैंपस में सोमवार को मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नर्सिंग और पैरामेडिकल की 160 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल ने किया। मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी कल्पना राजौरिया ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, अधिकार और आत्मनिर्भरता से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, महिला शक्ति केंद्र, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 1090, 181, 112 और 108 सेवाओं की उपयोगिता समझाई। छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में महिला हेल्पलाइन 1090 या 181 पर तुरंत संपर्क करें। सार्वजनिक स्थानों पर सतर्कता बरतने, मोबाइल में सुरक्षा ऐप्स डाउनलोड करने, देर रात अनावश्यक आवागमन से बचने और विश्वसनीय परिवहन साधनों का उपयोग करने की सलाह दी।

Read More »

ई-रिक्शा, चार पहिया वाहनों को पूर्ण रूप से प्रतिबंध करने की मांग

फिरोजाबाद। फिरोजाबाद व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधि सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी से मिला और सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है। जिसमें त्यौहारों पर बाजारों में लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने की मांग की है।
सोमवार को फिरोजाबाद व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष पंडित रविंद्रलाल तिवारी के दिशा निर्देशन में महानगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल की अध्यक्षता में व्यापारियों का एक प्रतिनिधि मंडल सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद और सीओ सिटी प्रवीन कुमार तिवारी से उनके कार्यालय पर मिला और सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवधर्न पूजा एवं भाईदौज तक सेंट्रल चौराहे से छोटा चौराहे तक ई रिक्शा पूर्ण रूप से प्रतिबंध करने, सर्राफा बाजार के अलावा शहर के बाजारों में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स तैनात करने, साज-सज्जा एवं मूर्ति की दुकानों को पूर्व निश्चित स्थान पर लगवाने, व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराने, पांच दिवसीय दीपावली पर्व पर 24 घंटे बिजली सुचारू रखने, नगर निगम द्वारा बाजारों में साफ-सफाई एवं रंगोली आदि बनाने, सभी प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था को सुदृण बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान तैनात करने की मांग की। जिससे बाजारों में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो सकेें।

Read More »