Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » गांजा तस्करी गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़

गांजा तस्करी गिरोह का पुलिस ने किया भंडाफोड़

फिरोजाबादः जन सामना संवाददाता। सिरसागंज पुलिस और एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बरेली की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थो की बिक्री करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो कुंतल 20 किलो गांजा बरामद किया गया है। वहीं, इनके पास से गांजे की तस्करी में प्रयोग की जाने वाली होंडा सिटी कार भी पकड़ी है।
एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स बरेली और सिरसागंज पुलिस ने संयुक्त रूप से नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए मुखबिर की सूचना पर चार आरोपियों को नगला चतुरी गांव से गुराऊं की तरफ जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से दो कुंतल 20 किलो गांजा के साथ ही एक होंडा सिटी कार भी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह उड़ीसा राज्य से गांजा खरीदकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में उसकी बिक्री करते थे। गांजे की तस्करी के लिए वह होंडा सिटी कार का प्रयोग करते थे, जिससे कोई उन पर शक न करे। महंगी कार देखकर हर कोई उन पर शक नहीं करता था। वह विगत तीन वर्षो से ये काम कर रहे हैं। आरोपियों ने अपने नाम रवि कुमार पुत्र श्यामपाल सिंह निवासी गांव नगला चतुरी थाना नगला खंगर फिरोजाबाद, रणजीत पुत्र शिवनाथ सिंह निवासी गांव टोंडसी थाना सिरसागंज, बाले खां पुत्र सुलेमान खां निवासी सैदपुर चुन्नीलाल थाना भोजीपुरा बरेली और लवकेश कुमार पुत्र धन कुमार निवासी गांव गढी पैगू थाना अराँव फिरोजाबाद हाल निवासी अध्यापक नगर गली नंबर 3 सिरसागंज बताया है।