Thursday, September 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बागपत जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, गैरहाजिर मिले आठ शिक्षकों का वेतन रोका

बागपत जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, गैरहाजिर मिले आठ शिक्षकों का वेतन रोका

बागपत। उत्तर प्रदेश में बागपत के डौला गांव स्थित संविलियन विद्यालय का आज जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने औचक निरीक्षण किया। सुबह 9 बजे के समय भी उनको विद्यालय का मुख्य द्वार बंद मिला। विद्यालय की अत्यंत खराब स्थिति को देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि विद्यालय में 489 विद्यार्थी पंजीकृत है जिसके सापेक्ष 64 विद्यार्थी उपस्थित मिले। विद्यालय में 14 अध्यापक व 2 शिक्षामित्र कार्यरत है। जिलाधिकारी ने अध्यापकों की उपस्थिति पंजिका चेक की तो आठ अध्यापक अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए मौके पर ही एक दिन का वेतन रोकने व कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। प्रधानाचार्य का सुपरविजन अच्छा न होने पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और उनका भी उत्तरदायित्व तय किया। उपस्थित विद्यार्थियों की सँख्या कम मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति शत प्रतिशत होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि बच्चों की कम उपस्थिति अत्यंत चिंताजनक है, जिस पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी व प्रधानाचार्य आदि की जिम्मेदारी तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने प्रार्थना स्थल पर ही विद्यार्थियों से नैतिक शिक्षा के बारे में जानकारी ली, जिसमें बच्चों ने संतोषजनक उत्तर दिए। उन्होंने उनको मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।