Tuesday, May 7, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बागपत लोकसभा चुनाव में 56.72 प्रतिशत हुआ मतदान

बागपत लोकसभा चुनाव में 56.72 प्रतिशत हुआ मतदान

जन सामना संवाददाताः बागपत। बागपत लोकसभा चुनाव के लिए जिले में शुक्रवार को वोट डाले गए। सुबह के समय मतदान की चाल कुछ धीमी रही तो दोपहर में कुछ ब्रेक सा लगा। दोपहर बाद मतदान ने फिर गति पकड़ी। लोकसभा की जनपद में आने वाली तीनों विधान सभाओं को मिलाकर अंतिम समय तक 56.72 प्रतिशत मतदान हुआ। शुक्रवार सुबह 7 बजे मतदान की कार्यवाही शुरू हो गई थी और मतदान शुरू होते ही मतदान बूथों के बाहर वोट डालने के लिए मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारे लग गई थी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले में इसके लिए 979 बूथ बनाए गए थे। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान बूथों का निरीक्षण करते रहे और पल-पल की जानकारी जुटाते रहे। भाजपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी डॉक्टर राजकुमार सांगवान व सपा-कांग्रेस गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी अमरपाल शर्मा के बीच कांटे का मुकाबला देखा गया। इसके अलावा बसपा प्रत्याशी प्रवीण बैसला का भी गुर्जर बाहुल्य गांवों में काफी दबदबा देखा गया। जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सिसाना गांव के बूथ संख्या 275 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह से लेकर शाम तक मतदाता कभी जत्थों में तो कभी अकेले मतदान बूथों पर वोट डालने के लिए आते जाते रहे। आधिकारिक तौर पर बागपत जनपद में सुबह 9 बजे तक 11 प्रतिशत, 11 बजे तक 22.74 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 32.90 प्रतिशत, 3 बजे तक 42.92 प्रतिशत, शाम 5 बजे तक 50.67ः व अंतिम 6 बजे तक 56. 72 प्रतिशत कुल मतदान हुआ।