रायबरेली। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से ऊंचाहार विधानसभा के रामरती शिक्षा सदन इंटर कॉलेज बाबूगंज में संविधान बचाओ अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार पर संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने के गंभीर आरोप लगाए। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार संविधान पर हमले कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने की कोशिश कर रही है। तिवारी ने कहा कि ऐसे समय में राहुल गांधी चट्टान की तरह खड़े हैं और उनके नेतृत्व में सरकार अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पा रही है। विधानसभा ऊंचाहार के कांग्रेस प्रत्याशी अतुल सिंह ने कहा कि आज जब देश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है, तब संविधान बचाओ अभियान की जरूरत और भी अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित समाज की आवाज बनकर उनके साथ खड़े हैं। पूर्व विधायक इन्दल कुमार रावत ने कहा कि ऊंचाहार के लिए यह गर्व की बात है कि क्षेत्र के सांसद राहुल गांधी आज देश की आवाज बन गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को सत्ता के खिलाफ इस संघर्ष में राहुल गांधी का साथ देना चाहिए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से निर्मल शुक्ला, महेश प्रसाद शर्मा, नौशाद हुसैन खतीब, पदमधर सिंह, शिवकरन तिवारी, रामखेलावन पासी, संजय श्रीवास्तव, अनिरुद्ध दीक्षित, अनुज सिंह, संत प्रसाद रैदास, ज्योति प्रसाद पासी, दल बहादुर सिंह, शम्भू शरण पाल, शैलेन्द्र सिंह, ओम प्रकाश त्रिपाठी, विनोद सिंह, रतिपाल पासी, केदारनाथ सिंह, डॉ. राकेश, आजम खान, रेखा विश्वकर्मा, गुड़िया, विश्वनाथ त्रिवेदी, साजू नकवी, रामसजीवन यादव, राजेन्द्र सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।