Thursday, April 25, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मेट्रो रेल परियोजना एवं दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम परियोजना पर हुई चर्चा

मेट्रो रेल परियोजना एवं दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम परियोजना पर हुई चर्चा

लखनऊः जन सामना ब्यूरो। मेरठ नगर में मेट्रो रेल परियोजना एवं दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम परियोजना (आर.आर.टी.एस.) के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में मुख्य सचिव, उ0प्र0 शासन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रमुख सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन मुकुल सिंहल, प्रमुख सचिव, वित्त संजीव मित्तल, प्रबन्ध निदेशक, लखनऊ मेट्रो रेल काॅरपोरेशन कुमार केशव, प्रबन्ध निदेशक, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र ट्रांसपोर्ट काॅरपोरेशन (एन.सी.आर.टी.सी.) वी.के. सिंह व उपाध्यक्ष, मेरठ विकास प्राधिकरण श्री सीताराम यादव व अन्य अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
बैठक में अवगत कराया गया कि मेरठ नगर में दिल्ली व गाजियाबाद से आने वाले अन्तर्जनपदीय यात्रियों की सुविधा हेतु दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम परियोजना का क्रियान्वयन भारत सरकार व 4 राज्य सरकारों (उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान) के संयुक्त उपक्रम राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र ट्रांसपोर्ट काॅरपोरेशन द्वारा किया जाना प्रस्तावित है, जबकि नगरीय यातायात को सुगम बनाने हेतु राज्य सरकार द्वारा भी मेरठ मेट्रो रेल परियोजना का क्रियान्वयन किया जाना भी प्रस्तावित है।
आर.आर.टी.एस. परियोजना का मेरठ में संरेखण प्रस्तावित मेरठ मेट्रो रेल परियोजना के काॅरिडोर-1 के संरेखण के लगभग समान है। ऐसी स्थिति में दोनों ही परियोजनाओं को समेकित रूप से क्रियान्वित किये जाने के सम्बन्ध में बैठक में विस्तृत विचार विमर्श किया गया।
विचारोपरान्त यह मत स्थिर हुआ कि प्रथम चरण में आर.आर.टी.एस. परियोजना के नार्थ-साउथ काॅरिडोर, जोकि मेरठ नगर में परतापुर से प्रारम्भ होकर मोदीपुरम तक जाता है, के साथ-साथ मेट्रो रेल परियोजना के काॅरिडोर-2, जोकि श्रृद्धापुरी फेज-2 से जागृति विहार एक्सटेंशन तक जाता है, का क्रियान्वयन किया जाय। द्वितीय चरण में आर.आर.टी.एस. व मेट्रो रेल परियोजना के अन्य काॅरिडोर्स का क्रियान्वयन किया जाय।