Saturday, April 26, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » यमुना में पानी पीने गई बालिका मगरमच्छ का शिकार

यमुना में पानी पीने गई बालिका मगरमच्छ का शिकार

कानपुर/घाटमपुर, शीराजी। थाना सजेती क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर बीरबल में मिर्ची तोड़ रही बालिका प्यास लगने पर यमुना नदी में पानी पीने साथी बालिकाओं के साथ गई थी। जहां वह मगरमच्छ का शिकार हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अकबरपुर बीरबल निवासी उमाशंकर निषाद की पुत्री कुमारी अंशिका 12 वर्ष कक्षा चार की छात्रा है। आज सुबह करीब 10ः45 बजे अंशिका अपनी सहेली कोमल, लक्ष्मी, श्रद्धा के साथ मिर्ची तोड़ने नदी के किनारे गई थी। प्यास लगने पर श्रद्धा अपनी सहेलियों के साथ यमुना नदी में पानी पीने गई थी। घुटनों तक पानी में पहुंचकर पानी पीने के दौरान मगरमच्छ ने आगे खड़ी कुमारी अंशिका को पकड़कर पानी के अंदर खींच ले गया। यह देख साथी बालिकाओं कोमल लक्ष्मी श्रद्धा ने शोर मचाया आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दौड़कर अंशिका की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी अंशिका का पता न चलने पर ग्राम प्रधान बलवंत सिंह निषाद ने वन क्षेत्राधिकारी को घटना के संबंध में सूचना दी और मदद की गुहार लगाई। मौके पर पहुंचे आरके प्रजापति अरुण अवस्थी व सहायक तिवारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और किसी भी प्रकार की मदद करने में असमर्थता व्यक्त करते हुए हाथ खड़े कर दिए। ग्रामीणों ने जाल डालकर सभी प्रयास किए लेकिन देर शाम समाचार लिखे जाने तक अंशिका का कहीं पता नहीं चला है। ग्राम प्रधान बलवंत सिंह ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व यमुना नदी में पानी पीने गई बकरी को भी मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया था। करीब 1 महीने से मगरमच्छ जमुना में दिखाई दे रहा था। उक्त घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत व आक्रोश व्याप्त है। यमुना नदी के किनारे मिर्ची आदि की खेती में काम करने के दौरान ग्रामीण पानी पीने यमुना नदी में चले जाते हैं। उक्त घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त हो गया है।