Sunday, September 22, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » अवार्ड हासिल करने में एनटीपीसी ऊंचाहार ने रचा इतिहास

अवार्ड हासिल करने में एनटीपीसी ऊंचाहार ने रचा इतिहास

रायबरेली,पवन कुमार गुप्ता। एनटीपीसी की ऊंचाहार विद्युत परियोजना विद्युत उत्पादन तथा कार्य-निष्पादन के क्षेत्र में शुरू से ही नए-नए कीर्तिमान स्थापित करती रही है और इसके लिए उसे राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार हासिल होते रहे हैं। इसी कड़ी में परियोजना के मानव संसाधन विभाग को ट्रांसफॉर्मेटिव एचआर प्रैक्टिस के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त करने के लिए पुरस्कार से नवाजा गया है।इतना ही नहीं एक अन्य राष्ट्रीय स्तर के मंच पर इस परियोजना को मानव संसाधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए गोल्ड अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
उत्कृष्ट उपलब्धियों से प्रभावित हुई कंपनियां:-
अपेक्स इंडिया फाउंडेशन व ग्रीनटेक संस्थाएं जो राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण,सुरक्षा,स्वास्थ्य तथा मानव संसाधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कंपनियों को मंच प्रदान करती हैं तथा उनके कार्य का मूल्यांकन करके इस तरह के पुरस्कार व अवार्ड प्रदान करती हैं। जिसे प्राप्त करना किसी भी संस्था के लिए बड़े सम्मान व गर्व की बात होती है।ग्रीनटेक संस्था द्वारा महाबलीपुरम, तमिलनाडु में आयोजित शिखर सम्मेलन-2021 में ऊंचाहार परियोजना को परिवर्तनकारी उत्कृष्ट उपलब्धियों से प्रभावित होकर पुरस्कार की घोषणा की जिसका करतल ध्वनि से स्वागत किया गया।ऊंचाहार परियोजना के मानव संसाधन विभाग की प्रमुख वंदना चतुर्वेदी ने इस सम्मेलन में भाग लेकर इस पुरस्कार को ग्रहण किया।इसी प्रकार अपेक्स इंडिया फाउंडेशन द्वारा गोवा में आयोजित एक सम्मेलन में मानव संसाधन के क्षेत्र में ही अद्वितीय कार्य करने के लिए ऊंचाहार परियोजना को एचआर एक्सीलेंस के क्षेत्र में गोल्ड अवार्ड से सम्मानित किया गया।परियोजना के मानव संसाधन विभाग के उप महाप्रबंधक भोलेन्द्र गुप्त ने इस पुरस्कार को प्राप्त किया।

मानव संसाधन विभाग की टीम पर जताया विश्वास:-
एनटीपीसी ऊंचाहार परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक कमलेश सोनी ने विश्वास व्यक्त किया है कि मानव संसाधन विभागाध्यक्ष वंदना चतुर्वेदी के नेतृत्व में मानव संसाधन टीम सेवा और समर्पण के नए-नए कीर्तिमान आगे भी स्थापित करती रहेगी तथा अपने कर्मचारियों के साथ-साथ हितधारकों को मानवीय जरूरतों व सुविधाओं को मुहैया करवाने में पूर्ण मनोयोग से कार्य करती रहेगी।

परियोजना के स्वर्णिम इतिहास में लगे चार चांद :-

मानव संसाधन की दिशा में उल्लेखनीय कार्यों तथा विशिष्ट सेवाओं के लिए इन पुरस्कारों को राष्ट्रीय स्तर पर हासिल करने से ऊंचाहार परियोजना के स्वर्णिम इतिहास में चार चांद लग गए हैं।इन पुरस्कारों के प्राप्त होने पर परियोजना प्रमुख कमलेश सोनी व अन्य विभागाध्यक्ष गण, यूनियन व एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित सभी कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है तथा इस उपलब्धि के लिए मानव संसाधन विभाग की प्रमुख वंदना चतुर्वेदी तथा उनकी टीम की कृतज्ञ सराहना करते हुए बधाई दी है।

मानव संसाधन विभाग जनसरोकार में रहा सजग:-

उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के दौरान मानव संसाधन विभाग ने परियोजना कर्मचारियों के साथ-साथ टाऊनशिप में आवासीय परिवारों तथा आसपास के गांवों में जिस तरह से कार्य किया वो किसी से छुपा नहीं है।नैगम सामाजिक दायित्व के तहत जन सरोकारों के प्रति ऊंचाहार परियोजना निरंतर सजग व संवेदनशील रहती है।