Friday, May 17, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » भाजपा के लिए यादव मतदाताओं को साधने ऊंचाहार पहुंची मुलायम की बहू 

भाजपा के लिए यादव मतदाताओं को साधने ऊंचाहार पहुंची मुलायम की बहू 

ऊंचाहार/रायबरेली,पवन कुमार गुप्ता । भाजपा के लिए यादव मतदाताओं को साधने ऊंचाहार पहुंची मुलायम सिंह यादव की पुत्र वधू अपर्णा यादव ने रोहनिया ब्लाक में भ्रमण किया और गली कूंचों में पहुंचकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया। ऊंचाहार विधान सभा क्षेत्र में अपर्णा यादव सबसे पहले रोहनिया ब्लाक के अप्टा गांव पहुंची। यहां 26 जून 2017 को दो पक्षों में हुए विवाद में पांच ब्राह्मण युवकों को जिंदा जलाकर मार डाला गया था। अपर्णा का यहां पर ग्राम प्रधान रामश्री यादव के घर पर कार्यक्रम था। जिनके बेटे अप्टा कांड में आरोपित है और जेल में निरुद्ध है। यहां पर ग्राम प्रधान ने उनका स्वागत किया और अपने संक्षिप्त संबोधन में उन्होंने योगी सरकार का बखान किया। जबकि अपर्णा यादव के सामने ही ग्राम प्रधान के रिश्तेदारों ने अप्टा कांड की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल के दौरान ही यह घटना हुई थी। जिसमें निर्दोष को फंसाया गया है। उसके बाद अपर्णा का काफिला अप्टा कांड के दूसरे आरोपित पूर्व प्रमुख शिव कुमार यादव का यहां पहुंचा। हाल ही शिव कुमार यादव के भाई व पूर्व प्रधान शिव करन यादव का निधन हुआ था। अपर्णा ने यहां पर शोक संतृप्त परिवार को संवेदना व्यक्त की । उसके बाद उन्होंने रोहनिया गांव की एक चौपाल में भी भाग लिया। चौपाल में अपर्णा यादव ने कहा कि प्रदेश से गुंडाराज का खात्मा योगी राज में हुआ है। आज प्रदेश का आम आदमी चैन से रह रहा है। प्रदेश सरकार ने हर समाज और हर वर्ग का उत्थान के लिए काम किया है। इसलिए भाजपा को एक बार फिर समर्थन देना चाहिए। इस मौके पर पूर्व प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री किरन सिंह, क्षेत्रीय मंत्री बृजेश सिंह, पूर्व विधायक गजाधर सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष दिलीप यादव, विवेक विक्रम सिंह ,अंकुश यादव, एकता जायसवाल, अनीता श्रीवास्तव, वर्षा तिवारी समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।