Sunday, April 28, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने हिन्दू साम्राज्य दिवस हर्षोल्लास से मनाया

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने हिन्दू साम्राज्य दिवस हर्षोल्लास से मनाया

हाथरस। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तत्वावधान में मेंडू गेट स्थित गोपालधाम में हिन्दू साम्राज्य दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणवेशधारी स्वयंसेवकों को चंदन तिलक लगाया गया।मुख्य वक्ता हरिगढ़ विभाग कार्यवाह योगेश ने स्वयंसेवकों को हिन्दू सम्रााज्य दिवस की बधाई देते हुए कहा कि शुद्ध सात्विक प्रेम अपने कार्य का आधार मानते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ निरन्तर राष्ट्र के उत्थान के लिये कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज का समूचा व्यक्तित्व सम्पूर्ण हिन्दू समाज के लिए आदर्श है। 347 वर्ष पूर्व जेष्ठ शुक्ल त्रयोदशी के दिन सन 1674 को छत्रपति शिवाजी का राज्याभिषेक हुआ था। यह दिन सम्पूर्ण हिन्दू समाज के लिए गौरव दिवस था, इसलिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इस गौरवशाली दिवस को हिन्दू साम्राज्य पर्व के रूप में मनाता है। शिवाजी महाराज ने महाराष्ट्र के रायगढ़ के किले में हिन्दू पदशाही की स्थापना कर भारत को गौरवान्वित किया। शिवाजी महाराज बचपन से ही स्वाभिमानी एवं राष्ट्रभक्त थे। शिवाजी महाराज के शासन में सभी की सहभागिता रहती थी। सामान्य मछुआरों से लेकर वेदशासित पंडित सभी उनके राज्य में सहभागी थे। उनके शासन में छूआछूत का कोई स्थान नहीं था। वह वीर थे, उन्होने कभी झुकना नहीं सीखा। उस समय देश की विषम परिस्थितियों में क्रूर शासकों से लोहा लेकर शिवाजी महाराज ने छत्रपति शिवाजी बनकर मुगलों को धूल चटाने का कार्य किया। शिवाजी महाराज के खिलाफ शत्रुओं ने कई बार अफवाहें फैलाई जिससे उन्हें कमजोर किया जा सके। लेकिन अपनी नेतृत्व क्षमता एवँ समाज के लोगों में उनके प्रति विश्वास के बल पर हर बार विरोधियों के मंसूबे नाकामयाब हुये। शिवाजी महाराज का कहना था कि अत्याचार के खिलाफ झुकने की जरूरत नहीं है। शिवाजी ने अपनी सूझबूझ से अनेकों किलों को जीता। भारत में गोरिल्ला युद्धनीति के उन्नायक शिवाजी महाराज को माना गया है। शिवाजी महाराज की माता जीजाबाई और समर्थ गुरू रामदास को शिवाजी को संस्कार देने में अहम योगदान था।
उन्होंने कहा कि समाज में सुधार की इच्छा, शौर्य जैसे अनेक गुणों से प्रतीक रहे छत्रपति शिवाजी महाराज के उस देश काल खंड के प्रासंगिक विचार एवं आचरण का अनुसरण कर हिन्दू राष्ट्र की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।
नगर कार्यवाह भानु द्वारा मंचासीन जिला संघचालक सुखपाल, नगर संघचालक दुर्गेश गुप्ता एवँ कार्यक्रम में दायित्वान कार्यकर्ताओं का परिचय कराया गया। भारत माता की प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में विभाग, जिला एवँ नगर के दायित्वान कार्यकर्ता एवँ काफी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद थे।