Saturday, May 18, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जनहित में सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का प्रयोग करें बंद-महापौर

जनहित में सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का प्रयोग करें बंद-महापौर

भारतीय स्वाभिमान फाउंडेशन ने रैली निकाल लोगों पॉलीथिन का प्रयोग बंद करने की अपील
फिरोजाबाद। सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग के उन्मूलन के लिए एक जन जागरूकता संगोष्ठी एवं रैली का आयोजन भारतीय स्वाभिमान फाउंडेशन के द्वारा सरोजिनी नायडू जूनियर हाईस्कूल बोधाश्रम में किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने सिंगल यूज प्लास्टिक के कारण आने वाली समस्याओं से अवगत कराया और इसके प्रयोग पर तत्काल रोकने की शपथ ग्रहण की।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर नूतन राठौर ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को शपथ ग्रहण कराते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक नगर निगम की सफाई व्यवस्था में बहुत बड़ी रुकावट है। इसके कारण नगर की सफाई में बहुत कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, पर्यावरण प्रदूषण से बचने के लिए हम सबको जनहित में सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का प्रयोग तत्काल बंद कर देना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व सांसद प्रोफेसर ओमपाल सिंह निडर ने कहा हमें अपनी आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखना है तो सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग तत्काल बंद करना होगा।
भारतीय स्वाभिमान फाउंडेशन की प्रदेश अध्यक्ष जया शर्मा ने कहा सिंगल यूज प्लास्टिक के कारण तमाम भयंकर बीमारियां पैदा हो रही हैं। नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर नीतीश अग्रवाल जैन ने कहा कि प्लास्टिक की थैली में चाय या गर्म दूध ले जाना भयंकर बीमारी का द्योतक है। भारतीय सहयोग कल्याण समिति की प्रदेश अध्यक्ष मूवी शर्मा ने कहा कि हम सुधरेंगे तो जग सुधरेगा, इसलिए हमें खुद को सबसे पहले सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से रोकना होगा। दिशा संस्था की कोऑर्डिनेटर अनुपम शर्मा ने कहा कि हमारी संस्था के वालंटियर सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जनता में जन जागरूकता फैलाने का काम करेंगे। सरोजिनी नायडू जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाचार्य भगवान दास शंखवार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान रेखा वर्मा, प्रभा आर्य, दीक्षा शर्मा, आस्था सक्सेना, स्नेहलता, शकुंतला, बिंदु सविता, शिवकुमार शंखवार, संदीप आमोरिया, अमित जैन आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के उपरांत जन जागरूकता रैली निकाली गई। जो कि सरोजनी नायडू स्कूल से प्रारंभ होकर अंबेडकर पार्क टापाकला पर जाकर समाप्त हुई।