Friday, May 3, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महिला आयोग की सदस्य ने सुनी महिलाओं की समस्यायें

महिला आयोग की सदस्य ने सुनी महिलाओं की समस्यायें

कानपुर देहात।राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर ने मिशन शक्ति 4.0 अभियान के अंतर्गत विकास खण्ड अकबरपुर सभागर कक्ष में मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया। महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वावलंबी बन सकें, इसके लिए सरकार अनेक योजनाएं चला रही है। उन्होंने चौपाल में आयी महिलाओं की समस्याओं को सुना। अधिकतर महिलाओं ने गांव में राशन कार्ड नही बना एवं महिलाओं की पेंशन योजना का लाभ न मिलने की शिकायत की। आयोग की सदस्य ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का एक सप्ताह में समाधान करें। चौपाल में 7 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें 2 शिकायतों का निस्तारण मौके पर कराया गया। जिला प्रोबेशन विभाग द्वारा बताया गया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी बनाना होगा। उन्होंने बताया कि महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षित होना आवश्यक है। क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर तनु उपाध्याय ने महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी महिला को ससुराल वालों या समाज में रहते हुए कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार से परेशान करता है तो 112, 1090 पर फोन कर अपनी समस्या बता सकती है। शिकायत के बाद पुलिस महिला की तुरंत सहायता करेगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव संगीता ने कहा कि महिला उत्पीड़न से सम्बन्धित मामलों को त्वरित न्याय दिलाये जाने हेतु कार्यक्रम चलाये जा रहे है, जिसके माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 13 अगस्त को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न मामलों से सम्बन्धित मामलों का निस्तारण किया जायेगा। इस मौके पर वन स्टाप सेन्टर, समाज कल्याण विभाग आदि विभागों द्वारा जानकारी दी गयी। इस मौके पर प्रोबेशन विभाग से जिला संरक्षण अधिकारी धमेन्द्र ओझा, दीपिका सक्सेना आदि उपस्थित रहे।