Saturday, May 4, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » समाजवादी नेता मुलायम सिंह का निधन

समाजवादी नेता मुलायम सिंह का निधन

⇒उप्र सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की
⇒प्रधानमन्त्री मोदी सहित देश के अनेक नेताओं दी श्रद्धाँजलि
गुरूग्रामः जन सामना डेस्क। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव (82 वर्ष) का आज गुरुग्राम स्थित मेदांता हॉस्पिटल में निधन हो गया। बताते चलें कि पिछले दिनों से स्वास्थ्य खराब होने की वजह से श्री यादव को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज जारी था किन्तु 2 अक्टूबर से उनकी तबीयत निरन्तर चिंताजनक बनी हुई थी। उनके निधन की जानकारी उनके बेटे, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दी है। मुलायम सिंह यादव समाजवादी धारा के वरिष्ठ नेताओं में से एक थे।
बताते चलें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहने के अलावा मुलायम सिंह यादव देश के रक्षा मंत्री भी रहे हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी। श्री यादव का पूरा परिवार राजनीति में है। मुलायम सिंह यादव का स्वास्थ्य खराब होने के बाद से ही उनके समर्थक, उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे। आज श्री यादव का देहावसान हो गया। इलाज के दौरान स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अखिलेश यादव से फोन पर बात की थी और उनका हालचाल जाना था। इसके अलावा देश के वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी हॉस्पिटल पहुंचे थे और मुलायम सिंह यादव की तबीयत की जानकारी ली थी। श्री यादव जीवन रक्षक दवाओं पर थे।
आज उनके निधन पर सपा अध्यक्ष और मुलायम के पुत्र अखिलेश यादव ने एक ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। अखिलेश ने ट्वीट में कहा, ‘‘मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे।’’ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी में शोक की लहर है।
मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया और प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘ जब हम अपने-अपने राज्यों (गुजरात एवं उत्तर प्रदेश) के मुख्यमंत्री थे, तब उनके साथ कई बार बातचीत का अवसर मिला। घनिष्ठता हमेशा बनी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहता था।’’ मोदी ने कहा, ‘‘परिवार और उनके लाखों समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।’’
श्री यादव के निधन पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शोक व्यक्त किया और उनके परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सिलसिलेवार ट्वीट में मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट में कहा, ‘‘श्री मुलायम सिंह यादव जी जमीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे जिन्होंने कई दशकों तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक प्रमुख भूमिका निभाई। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अनेक पदों पर काम किया और देश, समाज एवं प्रदेश के विकास में अपना योगदान दिया। उनका निधन बेहद पीड़ादायक है।’’ उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘राजनीति में विरोधी होने के बावजूद मुलायम सिंह जी के सभी से अच्छे सम्बन्ध थे। जब भी उनसे भेंट होती तो वे बड़े खुले मन से अनेक विषयों पर बात करते। अनेक अवसरों पर उनसे हुई बातचीत मेरी स्मृति में सदैव तरोताजा रहेगी। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि रक्षा मंत्री एवं सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षा मंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव व अन्य सभी प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर श्री मुलायम सिंह यादव जी को श्रीचरणों में स्थान दें।’’
मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनका (मुलायम सिंह यादव) अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया और लिखा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुखदायी है। उनके निधन से समाजवाद के एक प्रमुख स्तम्भ एवं एक संघर्षशील युग का अंत हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना व शोकाकुल परिवार एवं समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) संस्थापक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट कर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी वटवृक्ष सपा संरक्षक आदरणीय मुलायम सिंह जी के निधन की खबर से मर्माहत हूं। देश की राजनीति में एवं वंचितों को अग्रिम पंक्ति में लाने में उनका अतुलनीय योगदान रहा। उनकी यादें जुड़ी रहेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि।’’