Monday, July 1, 2024
Breaking News

गांजा के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार

चंदौलीः जन सामना संवाददाता। जिले की चकिया पुलिस ने क्षेत्र के छित्तमपुर बिहार बॉर्डर के पास से एक व्यक्ति को पकड़ कर 4 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने उस पर अभियोग पंजीकृत किया है। घटना के संबंध में बताया गया कि पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि मेरे गांव में स्थित देशी शराब की दुकान पर बिहार राज्य का एक व्यक्ति शराब पीने के लिए कभी कभार आता जाता है। उसी से मैं गांजा लेकर आ रहा था । उस व्यक्ति का नाम और पता पूछा गया तो पकड़े गए व्यक्ति ने बताया कि उसका नाम पता मैं नहीं जानता, उसके द्वारा रामगढ़ पहाड़ी के पास गांजा लाकर मुझे दिया जाता था। इस गांजे को बनारस में ले जाकर घाटों पर घूम-घूम कर पुड़िया बनाकर भेजता हूं जिससे मेरे परिवार का जीवन यापन चलता है। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम पुलिस ने शिवपूजन राम निवासी ग्राम छित्तमपुर थाना चकिया बताया है।

Read More »

स्टेट अर्बन डिजिटल मिशन-यूपी की समीक्षा बैठक में दिये गये निर्देश

लखनऊ। उप्र के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में स्टेट अर्बन डिजिटल मिशन-यूपी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने उत्तर प्रदेश को नागरिक सेवाओं को प्रदान करने के मामले में अग्रणी राज्य बनाने के लिए नगर विकास विभाग-उप्र द्वारा प्रदत्त नागरिक सेवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर भारत सरकार की संस्था एनआईयूए के उपयोग प्लेटफार्म पर जोड़े जाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न नागरिक सेवाओं को ससमय पूर्ण रूप से सभी 762 निकायों में क्रियान्वित कराने के लिए रोडमैप तैयार किया जाये एवं इसका सतत अनुश्रवण मिशन निदेशक द्वारा किया जाये।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध नागरिक प्लेटफार्म पर विभिन्न नगरीय सेवाओं को प्राप्त करने की प्रक्रिया पारदर्शी, पेपरलेस एवं सरल होनी चाहिये। उन्होंने प्लेटफार्म पर विभिन्न नगरीय सेवाओं को प्राप्त करने के लिए सिटिजन लॉगिन देने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नगरीय सेवाओं को प्राप्त करने की प्रक्रिया को और सुदृढ़ एवं सरल बनाया जाये।

Read More »

प्रधान डाकघर में महिला कर्मियों के लिए फीडिंग रूम का पोस्टमास्टर जनरल ने किया शुभारम्भ

वाराणसी। आज़ादी के अमृत काल में महिलाओं के लिए आरम्भ ‘महिला सम्मान बचत पत्र’ को महिलाओं ने हाथों-हाथ लिया है। 1 अप्रैल, 2023 से आरंभ इस योजना में पूरे उत्तर प्रदेश में दस माह में 72 हजार से ज्यादा महिलाओं ने लगभग 6.36 अरब रूपये का निवेश किया है। इसमें भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में अवस्थित वाराणसी परिक्षेत्र में सर्वाधिक 18,721 महिलाओं ने निवेश कर रिकॉर्ड बनाया है।
वाराणसी कैंट प्रधान डाकघर में महिला कर्मियों के लिए विशेष रूप से तैयार फीडिंग रूम के शुभारंभ अवसर पर उक्त विचार वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने व्यक्त किये। पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि वाराणसी परिक्षेत्र में ‘महिला सम्मान बचत पत्र’ में 18,721 महिलाओं ने 93.51 करोड़ रूपये से ज्यादा का निवेश किया है।
पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि डाक विभाग महिला सशक्तिकरण और सम्मान के लिए जहाँ अपने कर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए तमाम सुविधाएं प्रदान कर रहा है, वहीं नारी सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन की दिशा में ‘महिला सम्मान बचत पत्र’ और ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ जैसी योजनायें अहम् भूमिका निभा रही हैं।

Read More »

राष्ट्र जीवन का आधार है कर्तव्य बोध: हृदय नारायण दीक्षित

कानपुरः जावेद अजीज खान। राष्ट्र जीवन का आधार कर्तव्य बोध है उसी प्रकार लोक जीवन का आधार भी कर्तव्य बोध है। इस सूक्ति से पंडित हृदय नारायण दीक्षित ने राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ कानपुर प्रान्त द्वारा आयोजित कर्तव्य बोध दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के कर्तव्य बोध दिवस कार्यक्रम जी एस वी एम मेडिकल कॉलेज सभागार में सम्पन्न हुआ जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में ओजस्वी वक्ता एवम पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित रहे। वैदिक सिद्धान्तों से जोड़ते हुए शिक्षकों के लिए कर्तव्य बोध हेतु एक वाक्यांश समर्पित किया, ‘कुछ भी करिए संग में पढ़िए और पढ़ाइये।’ दिन भर के कार्यवृत्त में उन्होंने शिक्षकों से कहा कोई भी कार्य करिए संग में पढ़िए और पढ़ाइये।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ निर्मला यादव ने शिक्षिका बहनों से शक्ति स्वरूपा बनकर आगे आने को कहा। प्रदेश संगठन मंत्री उच्च शिक्षा डॉ दिलीप सरदेसाई ने संगठन की रीति नीति और पदाधिकारियों द्वारा संगठनात्मक कर्तव्य बोध का आवाहन किया।

Read More »

मंडल रेल प्रबंधक ने पत्रकार वार्ता में मथुरा जंक्शन पर अब तक हुई प्रगति पर दी जानकारी

मथुरा: श्याम बिहारी भार्गव। मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के प्रथम चरण का कार्य पूरा हो गया है और अब दूसरे चरण का कार्य शुरू होगा। यह जानकारी मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल ने पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में किए गए कार्यों से यात्रियों को लाभ मिलेगा यात्रियों के लिए दो अतिरिक्त प्लेटफार्म संख्या 6 और 7 उपलब्ध होंगे लाइन 2 से उत्तर मध्य रेलवे की ट्रेनों को चलाया जाएगा। प्लेटफार्म संख्या एक को पश्चिम मध्य रेलवे लाइन से जोड़ा जाएगा। मथुरा रेलवे स्टेशन पर अब ट्रेनों को प्राथमिकता देने के लिए प्लेटफार्म 7 और 8 को अप लूप लाइनों के रूप में परिवर्तित किया गया है। पश्चिम मध्य रेलवे की डाउन ट्रेनों को तीसरी लाइन तक लाइन नंबर पांच के माध्यम से चलाया जाएगा। यार्ड री मॉडलिंग पूरा होने के बाद यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि अछनेरा से पलवल की ओर जाने वाली ट्रेनों व अलवर और कासगंज की ओर जाने वाली ट्रेनों की कनेक्टिविटी कोटा और इसके विपरीत चलने वाले ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी। यार्ड रीमॉडलिंग के बाद 10 फुल लेंथ प्लेटफार्म और तीन में प्लेटफार्म उपलब्ध होंगे।

Read More »

सड़क सुरक्षा पर आयोजित किया गया ‘लोक संवाद’

कानपुर: जन सामना ब्यूरो। संभागीय परिवहन कार्यालय में गीता के आलोक में ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह – 2024’ के अन्तर्गत ‘लोक संवाद’ का कार्यक्रम सोमवार को आयोजित किया गया। लोक संवाद कार्यक्रम का शुभारम्भ संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन राजेश सिंह, आरटीओ प्रवर्तन विदिशा सिंह व मुख्य अतिथि भारत चरित्र संस्थान के मुख्य वक्ता आर. के.गोस्वामी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि आर. के. गोस्वामी ने कहा, ‘‘गीता का सार अगर लोग समझ जाएं तो सड़क दुर्घटनाओं में भी स्वयं काफी कमी ला सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘गीता के उपदेशों को आईआईटी जैसे संस्थान ने अपने पाठ्यक्रम में जोडने का संकल्प लिया है जिससे साफ है कि लोग गीता के उपदेशों को लेकर काफी गम्भीर हैं और उसका मनन कर रहे हैं।’’
इस अवसर आरटीओ प्रशासन राजेश सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित करते हुये कहा कि विभाग हमेशा से लोगों को वाहन चलाने के प्रति जागरूक करता चला आ रहा है और सरकार भी दुर्घटनाओं को रोकने व उनमें कमी लाने के लिए कई कार्यशालाओं का आयोजन कर चुकी है।
सड़क सुरक्षा पखवाडा और वर्तमान में सड़क सुरक्षा माह भी चलाया जा रहा है जिसके अर्न्तगत वाहन चालकों को पत्रक देकर और मौखिक रूप से भी जागरूक करने का कार्य किया गया है।

Read More »

संविधान बचाने की शपथ ली

कानपुरः जन सामना संवाददाता। रतनलाल नगर स्थित महादेव नगर में अखिल भारतीय वाल्मीकि कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने रविवार को संविधान को बचाने की शपथ ली।
संगठन के मीडिया प्रभारी जितेंद्र वाल्मीकि व कोर्डिनेटर विनोद खोटे ने बताया कि सरकार योजनाबद्ध तरीके से दलित समाज के आरक्षण जैसे संवैधानिक अधिकारों को खत्म करने का काम कर रही है। दलित और उपेक्षित समाज के साथ अन्य वर्गों के साथ भी अन्याय हो रहा है।
अखिल भारतीय वाल्मीकि कल्याण समिति के अध्यक्ष बउआ वाल्मीकि, महामंत्री सुनील वाल्मीकि व अन्य पदाधिकारियों ने संविधान बचाने की शपथत ली है।
अध्यक्ष बउआ वाल्मीकि ने कहा कि हमारा संगठन दलित मजदूर किसानों के साथ उपेक्षित वर्ग के कल्याण और उनके उत्थान के लिए लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान की रीढ़ समझे जाने वाले सफाई कर्मियों की आर्थिक सामाजिक दशा बेहद चिंतनीय है।

Read More »

बिठूर महोत्सव व यातायात व्यवस्था सुधारने पर हुई चर्चा

कानपुर। मण्डलायुक्त अमित गुप्ता व पुलिस आयुक्त अखिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शहर में सुगम और सुचारू यातायात प्रबंधन हेतु मण्डलायुक्त सभागार में उच्च स्तरीय संचालन समिति की बैठक सम्पन्न हुयी।
चिन्हित चौराहों व प्वाइन्टों में सुधारात्मक कार्यवाही कराये जाने हेतु लोकल गठित कमेटी द्वारा वहां पर क्या सुधार हेतु कार्यवाही करने की आवश्यकता है, उसका अध्ययन किया जाये तथा उस पर अपने विभाग से सम्बन्धित कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाये।
प्राइवेट बसों की पार्किंग हेतु के0 डी0 ए0 व जिला प्रशसान द्वारा स्थान का चिन्हाकन कर लीज पर नगर निगम को उपलब्ध कराया जाये, जिस पर नगर निगम द्वारा पार्किंग विकसित की जाये तथा पार्किंग करने वालो से निर्धारित किराया वसूल किया जाये।
शहर में बनायी गयी पार्किंग का शतप्रतिशत उपयोग सुनिश्चित कराया जाये। पार्किंग के आस-पास अभियान चलाकर अवैध पार्किंग करने वालों के विरूद्व कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाये।
शहर में कोई अवैध ई-रिक्शा/टैम्पों टैक्सी स्टैण्ड संचालित न हो, कही पर भी अवैध वसूली न हो यह सुनिश्चित कराया जाये।
सभी चौराहो पर जेब्रा क्रासिंग व स्टाप लाइन विकसित की जाये और चौराहो पर लगे कैमरे जो क्रियाशील नहीं है उनको क्रियाशील कराया जाये तथा यातायात के नियमों का उल्लघन करने वालों का कैमरे से चालान किया जाये।

Read More »

हाफ मैराथन का आयोजन 10 फरवरी को

कानपुर। मण्डलायुक्त कार्यालय में बिठूर महोत्सव के अन्तर्गत गंगा हाफ मैराथन के आयोजन के प्रचार-प्रसार हेतु गंगा हाफ मैराथन के पम्पलेट का अनावरण मण्डलायुक्त अमित गुप्ता, पुलिस आयुक्त अखिल कुमार, एम0 डी0 केस्को सैमुअल पॉल, पुलिस उपायुक्त यातायात आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (नगर) डॉ0 राजेश कुमार, अपर नगर आयुक्त मो0 आवेश, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अंकिता शर्मा द्वारा किया गया।
बिठूर महोत्सव के आयोजनान्तर्गत गंगा हाफ मैराथन का आयोजन 10 फरवरी को स्थान सरसैया घाट चौराहा से प्रातः 06ः30 बजे से प्रारम्भ होकर ब्रम्हावर्त घाट बिठूर तक किया जाना प्रस्तावित है। उक्त हाफ मैराथन में प्रतिभाग करने हेतु वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन की ऑनलाइन प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है और रजिस्ट्रेशन की अन्तिम तिथि 8 फरवरी, 2024 है तथा प्रतिभागी अपने-अपने चेस्ट नम्बर दिनांक 7 फरवरी से 9 फरवरी 2024 के मध्य कार्यालय उप निदेशक क्रीडा, ग्रीनपार्क कानपुर में अमित पाल, उप कीड़ाधिकारी मो0-9651311113 से सम्पर्क कर प्राप्त कर सकते हैं। हॉफ मैराथन में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों (महिला/पुरुष) की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना आवश्यक है। उक्त प्रतियोगिता महिला व पुरुष दोनों प्रतिभाग कर सकते हैं तथा पुरस्कार की राशि अलग-अलग निर्धारित है।

Read More »

बाल संप्रेक्षेण गृह में फांसी के फंदे पर लटककर बाल अपचारी ने दी जान

मथुराः संवाददाता। सोमवार को मथुरा बाल संप्रेक्षण गृह में एक बाल अपचारी फांसी के फंदे पर लटका मिला। बाल अपचारी की मौत की सूचना से बच्चा जेल में हडकंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना आलाधिकारियों की दी गई। डीएम, एसएसपी के अलावा विधिक सेवा प्राधिकरण के जज सहित एक अन्य जज तथा जिला जेल के जेलर, नगर मजिस्ट्रेट, एसपी सिटी आदि अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटना स्थल की छानबीन की। उन्होंने बाल सम्प्रेक्षण गृह पहुंचकर घटना की विस्तृत जानकारी बच्चा जेल में निरूद्ध अन्य बाल अपचारियों से की। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने मामले में मजिस्ट्रीरियल जांच के आदेश दिये हैं। मौत न्यायिक हिरासत में हुई है इस लिए न्यायिक जांच भी होगी। मृतक किशोर की उम्र करीब 17 वर्ष है। आरोप है कि बलदेव थाना क्षेत्र में कुछ दिनों पूर्व प्रेम प्रसंग के चलते किशोर नाबालिग को भगाकर ले गया था। स्वजन ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। 10 दिन पूर्व पुलिस ने आरोपित किशोर को गिरफ्तार कर संप्रेक्षण गृह भेजा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रथम दृष्टया मान कर चल रहे हैं कि कोर्ट में प्रेमिका ने किशोर के खिलाफ बयान दे दिया। इससे दुखी होकर किशोर ने सुसाइट नोट लिखकर आत्महत्या कर ली।

Read More »