Wednesday, October 16, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव नवम्‍बर में कराने का ऐलान

महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव नवम्‍बर में कराने का ऐलान

कविता पंतः नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने झारखंड के साथ महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव कराने का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र की 288 सीटों के लिए 20 नवम्‍बर को वोट डाले जाएंगे। मतों की गिनती यानी विधानसभा चुनावों के नतीजे 23 नवम्‍बर को आएंगे।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने आज कहा कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव एक चरण में और झारखंड में दो चरणों में मतदान होगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में 13 और 20 नवम्‍बर को और महाराष्ट्र में 20 नवम्‍बर को मतदान होगा और 23 नवम्‍बर को मतगणना कराई जायेगी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि महाराष्ट्र के 36 जिले हैं। सभी 288 विधानसभा के लिए एक साथ वोट डाले जाएंगे। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवम्‍बर को समाप्‍त हो रहा है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में 9.63 करोड़ मतदाता है, जिनमें से 1 करोड़ 85 लाख युवा मतदाता हैं। राज्य में 118600 मतदान केन्‍द्र होंगे। मतदान के लिए पीडब्ल्यूडी और महिला बूथ भी बनाए जाएंगे। मतदाताओं की कतार के बीच में कुर्सी या बेंच की व्यवस्था की जाएगी।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव दो गठबंधनों यानी महायुति एवं महाविकास अघाड़ी के बीच लड़ा जाएगा। एक तरफ महायुति गठबंधन में भाजपा, शिवसेना एवं एनसीपी मुख्य राजनीतिक दल हैं। दूसरी तरफ महाविकास अघाड़ी में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) एवं एनसीपी (शरदचंद्र पवार) मुख्य राजनीतिक दल हैं। दोनों गठबंधनों में चुनाव के मद्देनजर सीटों के बंटवारे की कवायद अंतिम दौर में चल रही है।
नक्सली हिंसा से प्रभावित झारखंड में अक्सर अनेक चरणों में चुनाव कराया जाता रहा है लेकिन इस बार आयोग ने केवल दो चरणों में राज्य में विधानसभा चुनाव कराने का फैसला किया है। यह फैसला राज्य में सुरक्षा को लेकर चुनाव आयोग के बढ़ते भरोसे को दिखाता है।
81 सदस्यीय मौजूदा झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 05 जनवरी 2025 को समाप्त हो रहा है। फिलहाल राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार है। यहां बहुमत का आंकड़ा 41 है।
चुनावी तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्य में सत्तारुढ़ इंडिया गठबंधन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के बीच जंग तेज हो गई है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव से जुड़े नतीजों में ईवीएम की गड़बड़ियों की शिकायतों को खारिज करते हुए निर्वाचन आयोग ने एक बार फिर गारंटी दी है कि ईवीएम पूरी तरह सुरक्षित है। पेजर से ईवीएम की तुलना पर मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि पेजर कनेक्टेड होता है, लेकिन ईवीएम किसी भी तरह से कनेक्टेड नहीं होता है और इसीलिए इसे हैक नहीं किया जा सकता है।