Monday, October 26, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » धूमधाम से नगर में निकली भगवान बाहुबली की भव्य रथयात्रा

धूमधाम से नगर में निकली भगवान बाहुबली की भव्य रथयात्रा

जन सामना संवाददाताः फिरोजाबाद। आगामी सात दिसम्बर को आयोजित होने वाले भगवान बाहुबली का महा मस्तकाभिषेक महोत्सव भव्य रथयात्रा के साथ आज से विधिवत प्रारम्भ हो गया। सोमवार को सुहागनगरी में धूमधाम से भगवान बाहुबली की भव्य रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
भगवान बाहुबली की भव्य रथयात्रा का शुभारम्भ नगर विधायक मनीष असीजा ने हरी झंडी दिखाकर एवं महावीर जिनालय ट्रष्ट के अध्यक्ष महावीर प्रसाद जैन ने अपने हाथों से श्रीजी के रथ को कुछ दूर आगे बढ़ा कर किया। रथयात्रा शीतलनाथ दिगम्बर जैन मंदिर रसूलपुर से प्रारम्भ होकर नालबंद चौराहा, इमामबाड़ा, घंटाघर, सदर बाजार, छिंगामल का बाग, कम्पनी बाग चौराहा, बस स्टैंड होते हुए महावीर जिनालय पहुंचकर संपन्न हुई। रथयात्रा में सबसे आगे पाँच रंग का ध्वज लिए हुए घुड़सवार आने का संकेत देते हुए चल रहे थे। उसके पीछे-पीछे पाँच बग्गीयों पर इंद्रस्वरुप धारण किये सोधर्म इंद्र, कुबेर इंद्र विराजे हुए थे। रथ यात्रा में अनेकों जैन धार्मिक झाँकिया शोभा बढ़ा रही थीं। नगर के सभी महिला मंडल की सदस्या डांडिया करती हुई चल रही थीं। रथयात्रा में कलशा ढालो रे की ध्वनि पर नृत्य करता हुआ मयूर नृत्य के साथ भगवान आदिनाथ विद्यालय के बच्चों का राष्ट्र बेंड जय घोष करता हुआ चल रहा था। अंत में स्वर्ण रथ पर माँ जिनवाणी एवं रजत रथ पर श्रीजी के ऊपर इंद्र स्वरुप श्रद्धालु चमर ढो रहे थे। नालबंद चौराहे पर मुस्लिम समाज ने भी रथयात्रा का स्वागत किया। रथयात्रा मार्ग में मुजाहिद अमन कमेटी, पल्लीवाल जैन महा सभा, लवेंचू वाल समिति, महिला जैन मिलन, जैन मिलन, श्री दिगम्बर जैन परिषद, युवा संघर्ष समिति, बाहुबली संघ, भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने महोत्सव समिति के पदाधिकारियों का तिलक लगाकर तथा पगड़ी पहना कर स्वागत किया। वही नगर निगम कार्यालय के सामने सुधीर जैन परिवार द्वारा रथयात्रा का भव्य स्वागत किया गया। रथयात्रा के मंदिर प्रांगण में पहुँचने के पश्चात् पाण्डुक शिला पर श्रीजी का जिनाभिषेक किया गया।
रथयात्रा में महावीर जिनालय ट्रष्ट अध्यक्ष महावीर प्रसाद जैन, दिव्यांश जैन, अनिल यादव, चंद्रप्रकाश जैन, ललितेश जैन, संभव प्रकाश जैन, अरुण जैन पीली कोठी, राजेश जैन, संजीव जैन एडवोकेट, संजय जैन पीआरओ, प्रदीप जैन पीपी, मयंक जैन, प्रवीण जैन, देवेंद्र जैन रसूलपुर, मनोज जैन दद्दा, विजय जैन एडवोकेट, अनुज जैन तुलसी, अशोक जैन तुलसी बिहार के साथ सेंकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।