Monday, November 23, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » स्वदेशी अपनाने से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था, बढ़ेगा राष्ट्रीय स्वाभिमान: कश्मीरी लाल

स्वदेशी अपनाने से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था, बढ़ेगा राष्ट्रीय स्वाभिमान: कश्मीरी लाल

हाथरस। स्वदेशी जागरण मंच की ओर से रविवार को गोपाल धाम में स्वदेशी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल वस्तुओं के चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आर्थिक स्वतंत्रता, राष्ट्रीय स्वाभिमान और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने मां भारती और राष्ट्रऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर किया।
क्षेत्रीय संयोजक डॉ. अमितेश अमित, जिला प्रचारक जितेंद्र, समाजसेविका उषा, एनआरआई मनोज अग्रवाल, एटा के प्रांत सहसंयोजक उमाकांत तिवारी तथा मैनपुरी के प्रांत सहसंयोजक सुशील सिंह चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं पुष्प भेंटकर स्वागत किया।मुख्य अतिथि कश्मीरी लाल ने कहा कि स्वदेशी की यात्रा पापड़ और अचार से शुरू होकर आज स्वदेशी उपग्रह और माइक्रोचिप तक पहुंच चुकी है। आलू के चिप्स से लेकर आधुनिक तकनीक के उत्पादों तक भारत अपनी पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों के उपयोग से देश का धन देश में ही रहता है, जिससे घरेलू उद्योगों, व्यापारियों, उद्यमियों और रोजगार को बढ़ावा मिलता है। विदेशी उत्पादों पर निर्भरता से देश की पूंजी विदेशों में चली जाती है। उन्होंने व्यापारियों से लाभ के साथ मानवता और सामाजिक दायित्वों का भी ध्यान रखने की अपील की। कहा कि भारत को समृद्ध और विश्वगुरु बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ शरीर, उच्च विचार, कुशल कौशल और पारिवारिक सहयोग के साथ आदर्श जीवन मूल्यों को अपनाना होगा। विद्यार्थियों को प्रेरक कहानियों के माध्यम से स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, स्वरोजगार और उद्यमिता का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ कौशल विकास और रोजगार सृजन की भावना विकसित करना भी जरूरी है।क्षेत्रीय संयोजक डॉ. अमितेश अमित ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि यह गौरव का अवसर है कि स्वदेशी जागरण मंच के स्थापना दिवस पर अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वदेशी और स्वावलंबन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन मनोज अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर स्वावलंबी भारत अभियान के प्रांत सह-समन्वयक अभिनव कश्यप, अखिलेश राठौर, प्रभु दयाल कुशवाहा, अजय राठौर, हिमांशु गुप्ता, कृष्ण मुरारी, हरिशंकर शर्मा, डॉ. राधेश्याम वाजपेयी, रमेश बासनी, राजेंद्र सिंह, रामवीर सिंह, देवेंद्र स्वरूप, दीपक कश्यप, जुगनू कुमार, वैभव मेहता, राहुल शर्मा, दिनेश, कमलेश, डॉ. संजीव अग्रवाल सहित एटा, कासगंज, अलीगढ़, मैनपुरी और हाथरस के अनेक कार्यकर्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।