-जवानों ने घायलों को सुरक्षित निकालने और प्राथमिक उपचार देने का किया अभ्यास
फिरोजाबाद। रविवार को पुलिस लाइन मैदान में नागरिक सुरक्षा केंद्र एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में ‘सिविल डिफेंस एयर स्ट्राइक एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस अभ्यास में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का सजीव प्रदर्शन किया गया। शाम 6ः30 बजे तक आयोजित मॉक ड्रिल में निर्धारित समय पर पुलिस लाइन परिसर में ब्लैकआउट किया गया। इसके बाद सायरन बजते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए। नागरिक सुरक्षा के जवानों के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और एम्बुलेंस टीमों ने आपसी समन्वय के साथ अभ्यास किया। इस दौरान जवानों ने घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा उन्हें प्राथमिक उपचार देने का प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य हवाई हमले अथवा किसी आकस्मिक आपदा के दौरान ब्लैकआउट की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, प्रशासन एवं सुरक्षा बलों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना तथा आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक करना रहा। सभी टीमों को न्यूनतम समय में राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे जनहानि और धनहानि को कम किया जा सके।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन के साथ आम नागरिकों का सतर्क एवं प्रशिक्षित होना भी आवश्यक है। सिविल डिफेंस के गठन का उद्देश्य आम नागरिकों को भी आपदा प्रबंधन से जोड़ना है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी मोहनलाल गुप्ता भी मौजूद रहे।
Jansaamna