मथुरा। बलदेव नगर पंचायत के चेयरमैन डॉ. मुरारी लाल अग्रवाल का दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो गया है। इस अवसर पर नगर पंचायत सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में अध्यक्ष ने बीते दो वर्षों में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। चेयरमैन ने बताया कि पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए नगर में 100 हैंडपंप और दो आरओ सिस्टम लगाए गए हैं। जल निकासी के लिए सीसी नालों और नालियों का निर्माण कराया गया है। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत डस्टबिन, हाथगाड़ी आदि पर करीब सात करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। नगरोदय योजना के अंतर्गत दो करोड़ रुपये से श्मशान घाट का निर्माण, 37 लाख रुपये की लागत से क्षीर सागर का विकास और 10 लाख रुपये की लागत से पार्क तथा सड़कों का कायाकल्प कराया जाएगा।
पार्षद वेलफेयर एसोसिएशन ने चलाया नहर साफ-सफाई अभियान
कानपुर। पार्षद वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा नौबस्ता पश्चिम वार्ड 65 क्षेत्र में स्थित नहर छठ पूजा घाट की साफ-सफाई का अभियान बड़े स्तर पर चलाया गया। इस अभियान में क्षेत्र के कई पार्षदों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। संरक्षक अमित पाण्डेय बंटी ने बताया कि महापौर प्रमिला पाण्डेय नगर के समग्र विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। वह नगर के प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को सुनकर तत्काल समाधान कराने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान जनहित में शुरू किया गया है ताकि क्षेत्रवासियों को साफ-सुथरा और स्वच्छ वातावरण मिल सके। पार्षद योगेन्द्र शर्मा ने संरक्षक अमित पाण्डेय बंटी का माल्यार्पण कर अंग वस्त्र भेंटकर स्वागत किया।
पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त दो पुलिस कर्मियों को दी विदाई
हाथरस। पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में एक सादे समारोह के दौरान दो पुलिस कर्मियों को सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई दी गई। अधिवर्षता आयु पूर्ण करने वाले उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस संतोष कुमार और उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस वेद प्रकाश ने अपने सेवाकाल के दौरान विभाग में कुशलतापूर्वक दायित्वों का निर्वहन करते हुए सेवाएं दीं, जिसके उपरांत वे सेवानिवृत्त हुए। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों ने अपने सेवा काल के अनुभवों को विस्तार से साझा किया। पुलिस अधीक्षक ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके द्वारा विभाग को दिए गए योगदान की सराहना की और उनके स्वस्थ एवं शांतिपूर्ण भविष्य की कामना की।
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर कांग्रेस का नमन
मथुरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर और मथुरा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के निर्देश पर सेठवाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती सादगीपूर्ण ढंग से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष रूपा लवानिया ने की और उन्होंने उनकी छवि पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होल्कर मालवा क्षेत्र की एक विनम्र और उद्धार शासिका थीं। वे एक महान शिव भक्त और समाज सुधारक भी थीं। उनके हृदय में गरीबों, जरूरतमंदों और असहायों के लिए गहरी संवेदना और परोपकार की भावना थी। उन्होंने अपने राज्य की सीमाओं के बाहर भी अनेक धार्मिक स्थलों पर मंदिर, घाट, कुएं, बावड़ियां और मार्गों का निर्माण कराया। विशेष रूप से सोमनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिरों का जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण उनके उल्लेखनीय कार्यों में शामिल है।
सुहागनगरी में धूमधाम से मनाई गई लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती
फिरोजाबाद। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती सुहागनगरी में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और समाजसेवी संगठनों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। कोटला रोड स्थित अहिल्याबाई की प्रतिमा पर जन कल्याण सेवा समिति और ऑल इंडिया धनगर महासभा द्वारा आयोजित जयंती समारोह का शुभारंभ नगर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर और टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर ने माल्यार्पण कर किया। वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके आदर्शों और देशहित में किए गए कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई की न्यायप्रियता और धर्मनिष्ठा आज भी शासन की मिसाल हैं।
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
फिरोजाबाद। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर शिक्षक कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा विकास भवन सभागार में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला प्रोबेशन अधिकारी मिथलेश सिंह, विशिष्ट अतिथि अशोक अनुरागी, सुमति यादव और जिला पंचायत सदस्य हरीश धनगर ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष एवं संयोजक प्रेम प्रकाश कुशवाह और सह संयोजक योगेंद्र सिंह द्वारा जनपद के टॉप 10 समेत अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर नारी स्वाभिमान और सम्मान की जीती-जागती मिसाल हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय, शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में जो कार्य किए, वे आज भी प्रेरणा स्रोत हैं।
यंग स्कॉलर्स एकेडमी में समर कैंप का विधिवत हुआ समापन
शिकोहाबाद। शनिवार को यंग स्कॉलर्स एकेडमी के सभागार में समर कैंप का समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अरुणा आहूजा, विद्यालय के प्रबंधक डॉ. संजीव आहूजा, निदेशिका ईशा आहूजा तथा प्रधानाचार्य संदीप कुमार ने संयुक्त रूप से किया। समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों द्वारा निर्मित विविध प्रकार के मॉडल, मूर्तियां, झालरें, टेढ़ी, गुलदस्ते, विभिन्न प्रकार के बैग, पेन स्टैंड और रुमालों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे देखकर सभी आगंतुकों के चेहरे पर हर्ष और उत्सुकता के भाव स्पष्ट झलकते दिखे। इसके अतिरिक्त बच्चों ने नृत्य, बैडमिंटन, क्रिकेट, कैरम, शतरंज आदि गतिविधियों में भी अपनी प्रतिभा और बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
पुण्य श्लोक रानी अहिल्याबाई होलकर जन्म त्रिशताब्दी अभियान एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन
रायबरेली। आज 31 मई को भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय अटल भवन, त्रिपुला में पुण्य श्लोक रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित गुप्ता रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए जिला अध्यक्ष बुद्धिलाल पासी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘महिला सशक्तिकरण’ और ‘नागरिक देवो भव’ की भावना के साथ विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं, जिसमें हम सभी का योगदान आवश्यक है।
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की गाथा एक जीवंत दर्शन: अभिलाष कौशल
ऊंचाहार, रायबरेली। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की गाथा केवल इतिहास की कहानी नहीं, बल्कि एक जीवंत दर्शन है, जिसने अपनी सूझ-बूझ, अटूट दृढ़ता और असीम करुणा से एक युग को नई दिशा दी। वे नारी शक्ति की वह अडिग मूर्ति थीं, जिन्होंने इंदौर को समृद्धि के शिखर पर पहुँचाया और भारतीय संस्कृति को उदारता, धर्म और न्याय के रंगों से सजाया। यह विचार शनिवार को क्षेत्र के कंदरावा में पाल समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती पर उनकी गौरवमयी गाथा को स्मरण करना केवल अतीत को दोहराना नहीं, बल्कि उस अमर चेतना को पुनर्जन्म देना है, जो हमें सिखाती है कि सच्चा नेतृत्व सिंहासन की भव्यता में नहीं, बल्कि जन-जन के हृदय में बसने वाली निस्वार्थ सेवा और अटल विश्वास में निहित है।
लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका रखती है हिन्दी पत्रकारिता
ऊंचाहार, रायबरेली। हिंदी पत्रकारिता ने भारत के जनमानस पर एक गहरी छाप छोड़ी है। यह स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तनों तक एक सशक्त माध्यम रही है। सूचना प्रदान करने के साथ-साथ हिंदी पत्रकारिता ने लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने में भी अपनी अहम भूमिका निभाई है। यह बातें भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह में कहीं। कार्यक्रम का आयोजन एनटीपीसी रोड क्षेत्र में प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल द्वारा किया गया था। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने राष्ट्रवाद की भावना को जागृत करने, सामाजिक न्याय के मुद्दों को उजागर करने और जन-जागरूकता फैलाने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है।
Jansaamna