हाथरस। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ तहसील सासनी में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। सासनी तहसील में समाधान दिवस के दौरान कुल 42 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से मात्र 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं, हाथरस तहसील में 52 शिकायतों में से केवल 4, सादाबाद तहसील में 44 में से 2 और सिकन्द्राराऊ तहसील में 30 में से केवल 3 शिकायतों का निस्तारण किया जा सका। इस प्रकार कुल 168 में से मात्र 14 शिकायतों का निस्तारण हुआ।
भूमि पूजन कर पार्षद ने किया वरिष्ठजनों को सम्मानित
कानपुर नगर। वार्ड 65 नौबस्ता पश्चिम के मातृछाया दामोदर नगर में दोनों साइड नाली एवं साइड पटरी के निर्माण कार्य का भूमि पूजन पार्षद योगेन्द्र शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के वरिष्ठजनों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। पार्षद योगेन्द्र शर्मा ने कहा कि वह वार्ड 65 के संपूर्ण विकास के लिए दृढ़ संकल्पित हैं और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वार्ड की जनता ने जो विश्वास जताया है, उसे वे सेवा और विकास कार्यों के माध्यम से पूरी तरह निभाएंगे। इस दौरान क्षेत्रीय वरिष्ठजनों ने पार्षद द्वारा मंदिरों में पानी के मटके और प्याऊ की व्यवस्था कराने जैसे कार्यों की सराहना की।
महिला सम्मेलन को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की बैठक
कानपुर नगर। सर्व ब्राह्मण विकास परिषद की बैठक रविवार को दर्शनपुरवा में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पं. कौशल किशोर अवस्थी ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. कमल किशोर अवस्थी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव देश का नेतृत्व किया है, लेकिन वर्तमान समय में वह राजनीतिक क्षेत्र में पिछड़ता जा रहा है। चुनावों के समय सभी राजनीतिक दल ब्राह्मणों को अपने पक्ष में करने का प्रयास करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद उन्हें भुला दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जब तक ब्राह्मण समाज राजनीतिक दलों के मोह से बाहर नहीं आएगा, तब तक उसका विकास संभव नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष कौशल किशोर अवस्थी ने बताया कि परिषद की ओर से प्रत्येक मंडल स्तर पर ब्राह्मण चिकित्सा सम्मेलन एवं हर जिले में ब्राह्मण सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
ओम शिव शक्ति मानव सेवा मंडल द्वारा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
रायबरेली। ओम शिव शक्ति मानव सेवा मंडल द्वारा गरीब, निराश्रित, दिव्यांग जनों एवं बुजुर्गों के लिए प्रतिदिन संचालित धर्मार्थ दैनिक भंडारा, सुपरमार्केट रायबरेली के सेवारत 14 वर्ष पूर्ण होने एवं 15वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में भव्य सम्मान समारोह, भजन संध्या एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी सिद्धार्थ रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अपर पुलिस अधीक्षक रायबरेली संजीव सक्सेना, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार एवं नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर उपस्थित रहे। मंडल अध्यक्ष राजेंद्र अवस्थी ने जानकारी दी कि यह भंडारा विगत 14 वर्षों से गरीब, निराश्रित, दिव्यांग एवं बुजुर्गों की सेवा में निरंतर समर्पित है। कार्यक्रम के दौरान मंडल के सहयोगियों सहित 51 समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा अमरनाथ बर्फानी के शिवलिंग की आरती और पूजन से हुआ, जिसे राजेंद्र अवस्थी, जगदीश चैनानी, महेंद्र अग्रवाल, पंकज मिश्रा एवं गंगेश चौरसिया ने संपन्न कराया। भजन संध्या का संचालन मुकेश शुक्ला जागरण ग्रुप द्वारा किया गया, वहीं नीलम गुप्ता द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम और लोकगीत गायिका दृष्टि पांडे के गीतों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर झूमने पर विवश कर दिया।
सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला कांग्रेस की मासिक बैठक सम्पन्न
मथुरा। सेठवाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रामचरण उर्फ बेनामी प्रधान ने की, जबकि संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मनोज गौड़ द्वारा किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी केंद्र और राज्य की राजनीति में प्रभावशाली भूमिका निभाएगी, जिसके लिए कार्यकर्ताओं का दायित्व सुनिश्चित किया गया है। नवनियुक्त पदाधिकारियों को जनपद स्तर से लेकर विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर तक कार्य विभाजित किया गया है ताकि सभी कार्यकर्ता जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। बैठक में सर्वसम्मति से एक जनसंपर्क व्हाट्सएप नंबर 9760887717 जारी किया गया, जिसे कामरेड शिवदत्त चतुर्वेदी के माध्यम से जनता को समर्पित किया गया। इस नंबर के जरिए आम जनता अपनी समस्याएं साझा कर सकेगी जिन्हें जिला कांग्रेस कमेटी प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास करेगी।
मोदी सरकार के 11 साल पूरे: भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां, देशभर में चलेगा प्रचार अभियान
नई दिल्ली। मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, भूपेंद्र यादव और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने साहसी और निर्णायक फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार असरदार, दमदार और जनभागीदारी पर आधारित है। नड्डा ने यह भी जोड़ा कि यह पारदर्शिता और भविष्य की सोच के साथ आगे बढ़ने वाली सरकार है। उन्होंने अनुच्छेद 370 का उदाहरण देते हुए कहा कि जिसे कभी असंभव माना जाता था, वह मोदी सरकार ने कर दिखाया। जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए चुनावों में भारी मतदान हुआ, जो सरकार के निर्णयों के प्रति जनता के समर्थन का प्रमाण है।
“मां के प्रति पुत्र का वैचारिक आकलन”
आइए जानते हैं एक पुत्र अपनी मां के विषय में उम्र के अलग-अलग पड़ाव पर क्या-क्या विचार रखते हैं।
(1) 0-3 वर्ष = संसार की सबसे ख़ास व अनमोल है उसकी मां। वह सदैव अपनी मां की छत्रछाया में अपने को सुरक्षित महसूस करता है।
(2) 04-05 वर्ष = मेरी मां बहुत महान है और दुनिया में सबसे अच्छी है।
(3) 06-09 वर्ष = मेरी मां सब कुछ जानती है, वह सबसे होशियार है, मेरी मां से होशियार कोई नहीं है।
(4) 12-15 वर्ष = मैं जब छोटा था, मां ज़्यादा प्यार करती थी, अच्छा व्यवहार रखती थी, पर अब नहीं।
(5) 16-17 वर्ष = वर्तमान के साथ मेरी मां नहीं चलती, सच पूछो तो उनको कुछ पता ही नहीं है, कोई ज्ञान ही नहीं है।
धर्म की रक्षा के लिए शस्त्र उठाना पड़ता है : इंद्रहास चौहान
हाथरस। यज्ञ और युद्ध से राष्ट्र, धर्म एवं संस्कृति की रक्षा होती है। धर्म की रक्षा के लिए समय आने पर शस्त्र उठाना पड़ता है। वीर छत्रपति शिवाजी महाराज ने भी राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए शस्त्र उठाए। उनका राज्याभिषेक भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण मोड़ था, जिससे एक संप्रभु और शक्तिशाली हिंदू साम्राज्य की नींव रखी गई। उक्त विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हरिगढ़ विभाग कार्यकारिणी सदस्य इंद्रहास चौहान ने बागला इंटर कॉलेज में आयोजित हिन्दू साम्राज्य दिवस कार्यक्रम में व्यक्त किए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुआ। मुख्य वक्ता इंद्रहास चौहान ने उपस्थित स्वयंसेवकों को हिन्दू साम्राज्य दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन संपूर्ण हिन्दू समाज के लिए गौरव का प्रतीक है। इसी दिन हिन्दवी स्वराज्य की स्थापना हुई थी और छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक संपन्न हुआ था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शुद्ध सात्विक प्रेम को अपने कार्य का आधार मानते हुए राष्ट्र के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
गरीब परिवार कम खर्च में कर सकेंगे विवाह समोराह: जयवीर सिंह
फिरोजाबाद। मक्खनपुर कस्बे में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का उद्घाटन प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने गरीब परिवारों को यह भवन सौंपकर उन्हें बड़ी सुविधा दी है।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के चेक, छात्राओं को टैबलेट और अन्य लाभार्थियों को उपकरण वितरण किये। साथ ही नई नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
व्यापार मंडल की बैठक में अलीगढ़ में होने वाले नवनिर्वाचित प्रांतीय कमेटी के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर हुई चर्चा
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल पंजी महानगर की मासिक बैठक अलकार चैधरी एक्सपोर्ट के निवास लेवर कॉलोनी पर आयोजित हुई। बैठक में 15 जून दिन रविवार को अलीगढ़ में नवनिर्वाचित प्रांतीय कमेटी के शपथ ग्रहण समोराह एवं व्यापारी अधिवेशन को लेकर चर्चा की गई।
महानगर अध्यक्ष अम्बेश शर्मा ने व्यापारियों ने कहा कि व्यापारी अधिवेशन व्यापारियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। अधिवेशन में व्यापारी प्रांतीय नेताओं के उद्बोधन में व्यापारियों के लिए संघर्ष करने एवं समाधान के लिए मार्गदर्शन प्राप्त होंगे। हम व्यापारियों का कर्तव्य है कि प्रांतीय अधिवेशन में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर प्रांतीय अधिवेशन को अभूतपूर्व रूप से सफलतम शिखर पर पहुंचाएं। बैठक में व्यापारियों ने कहा की सैंपलिंग विभाग द्वारा गरीब छोटे, मझोला व्यापारियों का सैंपलिंग कर उत्पीड़न किया जाता है तथा नामची बड़े दुकानदारों से महीना दरी के हिसाब से सुविधा शुल्क लेकर उन्हें मिलावट करने का खुला आशीर्वाद दिया जाता है। जिससे व्यापार मंडल कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।