Saturday, March 7, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मोदी सरकार के 11 साल पूरे: भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां, देशभर में चलेगा प्रचार अभियान

मोदी सरकार के 11 साल पूरे: भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां, देशभर में चलेगा प्रचार अभियान

नई दिल्ली। मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, भूपेंद्र यादव और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने साहसी और निर्णायक फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार असरदार, दमदार और जनभागीदारी पर आधारित है। नड्डा ने यह भी जोड़ा कि यह पारदर्शिता और भविष्य की सोच के साथ आगे बढ़ने वाली सरकार है। उन्होंने अनुच्छेद 370 का उदाहरण देते हुए कहा कि जिसे कभी असंभव माना जाता था, वह मोदी सरकार ने कर दिखाया। जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए चुनावों में भारी मतदान हुआ, जो सरकार के निर्णयों के प्रति जनता के समर्थन का प्रमाण है। नोटबंदी का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा कि जब विपक्ष जनता को भड़काने की कोशिश कर रहा था, तब भी लोग सरकार के समर्थन में लाइन में खड़े थे क्योंकि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर विश्वास था। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे ऑल पार्टी मीटिंग में कुछ और कहते हैं और बाहर आकर विरोध करते हैं। उन्होंने इसे गैर-जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका करार दिया और कहा कि उन्हें भगवान सद्बुद्धि दें।

देशव्यापी अभियान की घोषणा

भाजपा ने 9 जून से देशभर में प्रचार अभियान शुरू करने की घोषणा की है। 10 जून को सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और जिला मुख्यालयों में पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनता से संवाद करेंगे। 11 जून को यह अभियान गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा ताकि सरकार की उपलब्धियों की जानकारी हर नागरिक तक पहुंच सके।

चिनाब ब्रिज का उदाहरण

नड्डा ने बताया कि 1995 में नरसिम्हा राव सरकार के समय चिनाब ब्रिज का शिलान्यास हुआ था। बाद में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने इसे राष्ट्रीय महत्व का प्रोजेक्ट घोषित किया। प्रधानमंत्री मोदी की अगुवाई में यह पुल 6 जून 2025 को राष्ट्र को समर्पित किया गया।

गरीबी उन्मूलन और सामाजिक न्याय

भाजपा नेता ने कहा कि मोदी सरकार केवल नारेबाजी में विश्वास नहीं करती, बल्कि वास्तविक काम करके दिखाती है। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं और अति गरीबी में 80 प्रतिशत की कमी आई है। समाज के सभी वर्गों—SC, ST, OBC और महिलाओं—के लिए विशेष योजनाएं और छात्रवृत्तियां शुरू की गई हैं।

सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ कड़े कदम

सरकार की सुरक्षा नीति का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उरी और पुलवामा हमलों के जवाब में सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयरस्ट्राइक जैसे कठोर कदम उठाए गए। हाल ही में पहलगाम की घटना के बाद “ऑपरेशन सिंदूर” के तहत आतंकियों के 9 ठिकाने तबाह किए गए। भाजपा ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार समस्याओं को टालने में नहीं, उनका समाधान करने में विश्वास रखती है। पार्टी ने दावा किया कि अब भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा चुका है। -Pic and Story by Kamal Nain Narang