Wednesday, October 28, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल, टैबलेट व चेक देकर किया गया सम्मानित

जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल, टैबलेट व चेक देकर किया गया सम्मानित

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट एवं चेक वितरण कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ में किया गया। इस कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा परिषद, उ.प्र. प्रयागराज की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2025 के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल, टैबलेट एवं चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में रायबरेली जनपद में कलेक्ट्रेट स्थित बचत भवन सभागार में जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल, टैबलेट और 21 हजार रुपये के डमी चेक वितरित किए गए। यह राशि छात्र-छात्राओं के खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सलोन विधायक अशोक कुमार, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह उपस्थित रहे। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित परीक्षा में जनपद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के कुल 10-10 मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल, टैबलेट एवं डमी चेक देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक अशोक कुमार ने कहा कि आज सम्मानित हो रहे मेधावी विद्यार्थियों ने अपने साथ-साथ अपने माता-पिता, शिक्षकों, विद्यालय और जनपद का नाम भी रोशन किया है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब स्कूलों में संसाधनों की कोई कमी नहीं है। स्मार्ट क्लासेज जैसी सुविधाएं विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने में सहायक हैं। कड़ी मेहनत करें और कभी भी शॉर्टकट का रास्ता न अपनाएं। सफलता का एकमात्र मार्ग परिश्रम है। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि उनकी मेहनत और लगन ही उन्हें इस मुकाम तक लायी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में उत्कृष्टता हासिल करना न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है।