फिरोजाबाद। केंद्र और राज्य स्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपद के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह विकास भवन के सभागार कक्ष में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर, जिलाधिकारी रमेश रंजन और मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य उपस्थित रहे। समारोह में हाईस्कूल के टॉप टेन विद्यार्थियों—अंजली यादव, आकृति, पलक कुशवाह, पावनी अग्रवाल, वंशिका, अर्पणा, वैष्णवी कुमारी गुप्ता, हिमनंदिनी और शिवानी—तथा इंटरमीडिएट के टॉपर—नवीन कुमार, प्राची, अनामिका कुमारी, वैशाली, अंकित यादव, गौरव सिंह, रोहित कुमार, शिवम कुमार, अजय यादव, मोगिता और शिवानी—को टेबलेट, प्रशस्ति पत्र, मेडल और 21-21 हजार रुपये के चेक देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि हाईस्कूल में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली सभी छात्राएं हैं। उन्होंने कहा कि कक्षा 10 और 12 के बाद विद्यार्थियों के जीवन का ग्राफ तेजी से बदलता है, इसलिए आगे की प्रतिस्पर्धा में टिके रहने के लिए दुगनी मेहनत जरूरी है। उन्होंने शिक्षा के साथ संस्कृति, टेक्नोलॉजी और खेलों पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई। सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि सभी विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने बच्चों को आईएएस, इंजीनियर और डॉक्टर बनने के लिए प्रेरित करते हुए आगे भी इसी तरह मेहनत करते रहने की सलाह दी। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने विद्यार्थियों की सफलता को उनके कठिन परिश्रम और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया। महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि जो बच्चे पढ़ते हैं वही आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को सम्मानित करने से उनका आत्मविश्वास और मनोबल दोनों बढ़ता है।
Jansaamna