Thursday, May 16, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » नो व्हीकल जोन में वाहनों के प्रवेश से लगता है परिक्रमा मार्ग में जाम

नो व्हीकल जोन में वाहनों के प्रवेश से लगता है परिक्रमा मार्ग में जाम

♦ पंडा, पुरोहित पुलिस से मिलकर वाहनों को परिक्रमा मार्ग में कराते हैं प्रवेश
मथुरा: जन सामना संवाददाता। गोवर्धन में नो व्हीकल जोन परिक्रमा मार्ग में वाहनों के प्रवेश से अक्सर जाम के हालात बनते हैं। भीषण गर्मी में जाम के बीच फंसे श्रद्धालु परेशान रहते हैं लेकिन कुछ कर नहीं सकते, श्रद्धालु व्यवस्था को कोसते नजर आते हैं। शनिवार को दसविसा मानसी गंगा गिरिराज परिक्रमा मार्ग पर चार पहिया वाहनों के प्रवेश से जाम के हालात पैदा हो गए। परिक्रमार्थी श्रद्धालु भक्त भीषण गर्मी में वाहनों के जाम के बीच करहाते नजर आए। एक न्यायिक अधिकारी की गाड़ी भी जाम में फंस गई। इससे परिक्रमा मार्ग पर काफी लंबा जाम लग गया। तिराहा चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मी ड्यूटी प्वाइंट से नदारद थे। एकता तिराहा से पंडा श्रद्धालुओं के वाहनों को पुलिस कर्मियों से मिलकर नो व्हीकल जोन परिक्रमा मार्ग में प्रवेश कराते हैं। पंडा श्रद्धालुओं की गाड़ियों में बैठकर दानाघाटी मंदिर, मानसी गंगा मुखारविंद मंदिर के आलावा परिक्रमा लगवाते हैं। इससे परिक्रमा मार्ग पर जाम के हालात उत्पन्न हो रहे हैं। इस ओर पुलिस अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है।
‘‘कुछ स्थानीय लोगों के द्वारा यात्रियों के वाहनों में बैठकर नो व्हीकल जोन में वाहनों को प्रवेश कराने की जानकारी मिली है। इसकी जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’
-राम मोहन शर्मा, सीओ