Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » पं. दीनदयाल जन्मोत्सव मेला का उद्घाटन करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

पं. दीनदयाल जन्मोत्सव मेला का उद्घाटन करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

⇒12 अक्टूबर को जन्मोत्सव हवन के साथ मनाया जायेगा दीनदयाल का 107 वां जन्मदिवस
मथुरा। पं. दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिवस के अवसर पर चार दिवसीय जन्मोत्सव मेला समारोह 11, 12, 13 एवं 14 अक्टूबर को दीनदयाल धाम में उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इन्द्रेश कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शामिल होंगे। साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। जन्मोत्सव समारोह का शुभारम्भ हवन के साथ 11 अक्टूबर को और समापन 14 अक्टूबर की देर रात्रि संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश के सौजन्य से विभिन्न प्रांतों की संस्कृति पर आधारित लोक कला एवं रासलीला के साथ होगा। चार दिवसीय जन्मोत्सव मेला का शुभारम्भ 11 अक्टूबर को दीनदयाल धाम राधा कृष्ण मंदिर पर सामूहिक हवन के साथ होगा। प्रातः 9 बजे प्रदर्शनी स्थल पर रंगोली प्रतियोगिता और लोकगायन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। करीब साढ़े ग्यारह बजे मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ दीनदयाल धाम पहुचेंगे और यहां कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मेला का उद्घाटन कर विराट किसान संगोष्ठी को संबोधित करेंगे। करीब दो बजे महाविद्या स्थित रामलीला ग्राउंड के हेलीपैड पर पहुंचेंगे और वहां से श्रीकृष्ण जन्मस्थान जाएंगे।
अधिकारियों ने किया हेलीपैड सहित दूसरे स्थलों का निरीक्षण
बिहारी जी मंदिर में दर्शन एवं गोवर्धन परिक्रमा के लिए उत्तर प्रदेश बृज तीर्थ विकास परिषद द्वारा क्रय की गई गोल्फ कार्ट कारों का लोकार्पण करेंगे। ढाई बजे करीब मुख्यमंत्री आगरा के लिए प्रस्थान कर जाएंगे। मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर शहर के रामलीला मैदान में बने हेलीपैड और श्री कृष्ण जन्मभूमि परिसर का जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडे अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन की सभी तैयारियां को अंतिम रूप दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व ही आगमन और प्रस्थान वाले रोड को ब्लॉक कर दिया जाएगा। इससे पहले फरह नगला चंद्रभान में बनाये गए हेलीपेड पर भी दोनों अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
ये होंगे कार्यक्रम
विराट किसान संगोष्ठी, प्रदर्शनी, जन्मोत्सव हवन, विराट कुश्ती दंगल, रसिया दंगल, गौ पूजन, भारतीय लोकगीत प्रतियोगिता, संस्कृति विभाग के सांस्कृतिक कार्यक्रम, बृज सम्मान राष्ट्रीय कवित्री सम्मेलन कार्यक्रम खास होंगे।