फिरोजाबाद। राजकीय अभिलेखागार का डीएम ने औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागो की जमा आरसी (राजस्व वसूली) की स्थितियों का जायजा लिया। विभागों की आरसी सही समय पर जमा नहीं हो पा रही हैं, और ऑनलाइन ब्यौरा ठीक ढंग से फीड नहीं हो रहा है। सदर तहसील में आरसी का डाटा पूरी तरह से मिलान नहीं हुआ। जिस पर संबंधित विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई के आदेश दिए।
डीएम रमेश रंजन ने निरीक्षण के दौरान पाया कि वाणिज्य विभाग की प्राप्त कुल आरसी का मिलान भी ऑनलाइन पोर्टल पर नहीं हो पा रहा था। संबंधित अधिकारियों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। एडीएम विशु राजा को निर्देशित किया कि वर्ष 2018-19, 2019-20, 20-21, 21-22, 22-23, 23-24 और 24-25 की आरसियों का ब्यौरा समुचित तरीके से ऑनलाइन फीडिंग कराये। अब इसमें किसी प्रकार की कोई अनियमित्ता नजर नहीं आनी चाहिए। स्थगन आरसी की पंजिका अलग से बनाई जाए। आरसी समुचित तरीके से जमा नहीं हो रही है, जिसके कारण सरकार को राजस्व की हानि हो रही है। मुख्य अभिलेखागार में सभी विभागों की आरसी ससमय जमा कराये। जमा कराई गई आरसी को ऑनलाइन फीडिंग भी नियमित तरीके से कराये। विद्युत विभाग को निर्देशित किया की नई आरसी की तत्काल प्रभाव से फीडिंग कराये और अधिकाधिक वसूली करना भी सुनिश्चित करें।