Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 90 सीटों पर होंगे चुनाव

जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 90 सीटों पर होंगे चुनाव

कमल नैन नारंगः नई दिल्ली। शुक्रवार को विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान चुनाव आयोग ने कर दिया है। जम्मू कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। आखिरी बार जम्मू कश्मीर में 2014 में चुनाव हुए थे। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने 30 सितंबर 2024 तक जम्मू कश्मीर में चुनाव कराने का आदेश दिया था। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद ये पहला विधानसभा चुनाव होगा। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा की कुल 114 सीटें हैं। लेकिन केवल 90 पर चुनाव होंगे।
किस कारण केवल 90 सीटों पर चुनाव होंगे
मई 2022 में जम्मू-कश्मीर में परिसीमन के बाद विधानसभा सीटों की संख्या 90 हो गई है। जम्मू में विधानसभा की 43 और कश्मीर घाटी में 47 सीटें हैं। पीओके के लिए 24 सीटें ही रिजर्व हैं। यहां चुनाव नहीं कराए जा सकते। जबकि लद्दाख में विधानसभा ही नहीं है। इस तरह से कुल 114 सीटें हैं, जिनमें से 90 पर चुनाव कराए जाएंगे। जम्मू रीजन में सांबा, कठुआ, राजौरी, किश्तवाड़, डोडा और उधमपुर में एक-एक सीट बढ़ाई गई है। वहीं, कश्मीर रीजन में कुपवाड़ा जिले में एक सीट बढ़ाई गई है। इससे पहले 2014 में विधानसभा की 87 सीटों पर चुनाव हुए थे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि कश्मीर की 3 लोकसभा सीटों में 2019 में 19.19% मतदान हुआ जबकि 2024 में 51.09% रहा। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर विधानसभा में कुल 90 सीटें हैं जिनके लिए 87.09 लाख वोटर अपने नुमाइंदों का चुनाव करेंगे। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कुल 11838 पोलिंग बूथ होंगे और हर बूथ पर औसतन 735 वोटर होंगे।
जम्मू कश्मीर की अवाम अब तस्वीर बदलना चाहती हैः मुख्य चुनाव आयुक्त
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने शुक्रवार को कहा कि जम्मू कश्मीर की अवाम तस्वीर बदलना चाहती है। चुनाव के लिए हर किसी में उत्सुकता है। टीम ने जम्मू कश्मीर और हरियाणा का दौरा भी किया था। हम मौसम ठीक होने के इंतजार में थे।
कब होंगे जम्मू कश्मीर में चुनाव ?
विधानसभा चुनाव जम्मू कश्मीर में तीन चरणों में होंगे। चुनाव 18 सितंबर से 01 अक्टूबर तक होंगे। यानि वोटिंग केवल 14 दिनों में हो जाएगी। चुनाव की तैयारी में, ईसी ने कहा, अंतिम मतदाता सूची अमरनाथ यात्रा समाप्त होने के अगले दिन २० अगस्त तक प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने कहा, लगभग ८७ लाख मतदाताओं के मतदान करने की उम्मीद है। चुनाव आयोग के प्रमुख राजीव कुमार ने कहा, लोग बदलाव चाहते हैं। वे एक नए भविष्य की पटकथा लिखना चाहते हैं।
हरियाणा में सिर्फ 1 फेज में होगी वोटिंग
हरियाणा विधानसभा की 90 सीटों के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। हरियाणा की सभी 90 सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान होगा। सभी 90 सीटों पर 1 अक्टूबर को मतदान होगा और चुनाव नतीजे 4 अक्टूबर को मतगणना के बाद आएंगे। चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार का कहना है कि हरियाणा में दो करोड़ से ज्यादा मतदाता हैं। 90 में से 73 सीटें सामान्य हैं। हरियाणा में 27 अगस्त को वोटर लिस्ट जारी होगी। हरियाणा में 20 हजार 269 पोलिंग स्टेशन हैं।
महाराष्ट्र के चुनावों की तारीखों के ऐलान अभी नहीं
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में चुनाव के ऐलान न कराने को लेकर जवाब दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने प्रेस वार्ता में कहा कि जम्मू-कश्मीर में चुनाव का ऐलान हुआ है, इसलिए महाराष्ट्र को लेकर अभी चुनाव कराने का फैसला नहीं लिया गया है। इसके अलावा कई त्योहार भी इसी दौरान आने वाले हैं। पितृ पक्ष, नवरात्रि, दशहरा-दीपावली पड़ेंगे, इसलिए अभी इनका ऐलान नहीं हुआ है।