Thursday, September 12, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » रक्षाबंधन पर्व एवं सावन माह की पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान

रक्षाबंधन पर्व एवं सावन माह की पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान

ऊंचाहार, रायबरेली। रक्षाबंधन पर्व एवं सावन माह की पूर्णिमा के पावन अवसर पर महर्षि गोकर्ण ऋषि, एवम् राजा भागीरथ की तपोस्थली, गोकर्ण तीर्थ, गोकना घाट पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर कल्याण की कामना की। प्राचीन महादेवन मंदिर में जलाभिषेक किया। समिति द्वारा गंगा महाआरती एवम् दीपदान किया गया। घाट पर भोर से ही स्नानार्थियों के स्नान का सिलसिला शुरू हुआ। हर हर गंगे, जय बाबा भोलेनाथ के नारों व घन्टा घड़ियाल की ध्वनि से घाट गुंजायमान रहे। ऐतिहासिक गोकना घाट पर स्नान के लिए क्षेत्र के अलावा अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ जिले से स्नानार्थियों ने गंगा स्नान कर मंदिरों में जलाभिषेक किया।
मां गंगा गोकर्ण जनकल्याण सेवा समिति के सचिव व पुरोहित पं० जितेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि आज के दिन बाबा भोलेनाथ और भाई बहन के लिए विशेष महत्व है भाई बहन को राखी बांधकर सुरक्षा का वचन लेती है। साथ ही श्रावणी पूर्णिमा होने के कारण इसका महत्व विशेष हो जाता है। बाबा भोलेनाथ हम सब की रक्षा करते हैं। इससे पूर्व समिति द्वारा बृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंदिरों के साथ सफाई करवाई गई, गंगा जी का जलस्तर लगभग तीन फुट से अधिक बढ़ा होने के कारण गहरे जल में स्नान न करने व अपने सामान की सुरक्षा करने की अपील माइक द्वारा लगातार की जाती रही। घाट पर प्रेम पूर्वक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। मेले में लगी दुकानों से मिठाइयां व रक्षाबंधन हेतु राखी खरीदी, चाट और जलेबी का लुप्त उठाया। नाव, नाविक गोताखोरों के साथ अनिल कुमार सिंह प्रभारी निरीक्षक ऊंचाहार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे सावधानी से लोगों ने स्नान किया किसी भी प्रकार की कोई सुविधा श्रद्धालुओं को नहीं हुई। इस अवसर पर क्षेत्र के गोला घाट, पूरे तीर, बहादुर गंज के घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्नान-दान कर पुण्य व मोक्ष की कामना की।