Thursday, September 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » लापता किसान का शव यमुना घाट से बरामद

लापता किसान का शव यमुना घाट से बरामद

जन सामना संवाददाताः फिरोजाबाद। चार दिन से लापता 50 वर्षीय किसान का शव थाना नसीरपुर क्षेत्र में यमुना घाट से बरामद हुआ है। शव मिलने के उपरांत परिजनों का कहना है कि लगातार हुई बारिश से फसल में नुकसान हुआ था। जिसके चलते उन्होंने यमुना में कूदकर आत्महत्या कर ली। तीन दिन पहले उनकी साइकिल गुदाऊ शाला पर रखी हुई मिली थी।
ढोलपुरा की ठार निवासी 50 वर्षीय सर्वेश कुमार पुत्र उजागर सिंह 12 सितंबर की शाम से लापता थे। परिजनों ने उनकी सभी जगह तलाश की, लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल सका। 13 सितंबर को उनकी साइकिल गुदाऊ शाला पर रखी हुई मिली थी। परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस किसान की तलाश में जुटी थी। सोमवार को थाना नसीरपुर क्षेत्र के मुबारकपुर घाट के किनारे पशुओं को चरा रहे चरागाहों ने किनारे पड़े हुए एक शव की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने परिजनों को शव मिलने की जानकारी दी। परिजनों ने शव की शिनाख्त सर्वेश कुमार के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजनों ने बताया कि लगातार हुई बारिश से उनकी फसल को काफी नुकसान हुआ था। जिसको लेकर वह परेशान थे। इस मामले में पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।