Thursday, June 12, 2025
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुरसान खंड में मनाया गया हिन्दू सम्राज्य दिवस

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुरसान खंड में मनाया गया हिन्दू सम्राज्य दिवस

हाथरस। वीर छत्रपति शिवाजी महाराज ने धर्म की रक्षा, हिन्दू समाज के संरक्षण और हिन्दू राज्य की स्थापना के लिए अपने जीवन को समर्पित किया। शिवाजी की दूरदर्शी नीतियों से हिन्दू साम्राज्य की नींव रखी गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उन्हें अपना आदर्श मानता है। यह विचार संघ के जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर ने मुरसान खंड के जेपी डिग्री कॉलेज में आयोजित हिन्दू सम्राज्य दिवस कार्यक्रम में व्यक्त किए। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ किया गया। मुख्य वक्ता आशीष सेंगर ने बताया कि सन 1674 में ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी के दिन छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ और हिन्दू पदपादशाही की स्थापना हुई। इसी उपलक्ष्य में यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज बचपन से ही स्वाभिमानी और राष्ट्रभक्त थे। उन्होंने कभी अन्याय के आगे सिर नहीं झुकाया। उनकी गोरिल्ला युद्ध नीति ने मुगलों जैसे क्रूर शासकों को परास्त किया। उन्होंने अपनी सूझबूझ से अनेक किलों को जीता और हिन्दू समाज की रक्षा की। छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन आज भी अधर्म और राष्ट्रविरोधी शक्तियों के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देता है और समाजसेवा के लिए ऊर्जा प्रदान करता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य रामशंकर ने की, जबकि संचालन सह खंड कार्यवाह त्रिलोकी शर्मा ने किया। इस अवसर पर जिला बौद्धिक प्रमुख पवन शर्मा, खंड संचालक गुलाब सिंह, नगर सह संघचालक डॉ. सुनील विश्वास, जिला मुख्य मार्ग प्रमुख पवन पाठक, सह खंड कार्यवाह जितेंद्र, खंड व्यवस्था प्रमुख ललित, कोटा नगर कार्यवाह नीरज पौरुष, खंड संपर्क प्रमुख नीरज, रबी, सुरेश चौहान, वेद प्रकाश सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।