Wednesday, April 24, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सभासदों ने की टेंडर में मनमानी की शिकायत मंडलायुक्त से

सभासदों ने की टेंडर में मनमानी की शिकायत मंडलायुक्त से

पालिका प्रशासन पर लगाया चहेतों को टेंडर देने का आरोप
141 निर्माण कार्यो की जांच कराए जाने की मांग
टूंडला, जन सामना संवाददाता। पालिका प्रशासन द्वारा करोड़ों  रूपए की लागत से बनने वाले नाला निर्माण को लेकर निकाले गए टेंडर में सभासदों ने मनमानी का आरोप लगाते हुए मंडलायुक्त से शिकायत की है। सभासदों ने पालिका प्रशासन पर धनवसूली और भ्रष्टाचार की शिकायत करते हुए निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। मंगलवार को सभासदों का एक प्रतिनिध मंडल सपा के नगर अध्यक्ष ललित जैन के नेतृत्व में मंडलायुक्त चन्द्रकांत से मिला। जहां सभासदों ने कमिश्नर से पालिका प्रशासन की शिकायत करते हुए कहा कि नगर में कराए गए विकास कार्यो में पालिका प्रशासन द्वारा मनमानी की गई। विकास कार्यो में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। वहीं चेयरमैन प्रतिनिधि पर टेंडर देने के नाम पर 10 प्रतिशत वसूली का भी आरोप लगाया। सभासदों का कहना है कि हाल ही में पालिका प्रशासन द्वारा करीब आठ करोड की लागत से सिंचाई विभाग के नाला निर्माण को विज्ञापन जारी किया गया था। जिसके बुधवार को टेंडर होने हैं। टेंडर में चहेते ठेकेदारों को काम देने के लिए पालिका अधिकारियों ने सांठ गांठ कर ली है। इस पूरे खेल में पालिका के कर्मचारी भी शामिल हैं। पालिका के एक बाबू द्वारा जो रसीद काटी गई हैं, उनमें भी खेल किए गए हैं। सभासदों ने इस टेंडर प्रक्रिया को निरस्त कर आॅन लाइन टेंडर प्रक्रिया अपनाए जाने की मांग की है। शिकायत करने वालों में अजयराज दीक्षित, जसवंत सिंह, रिचा यादव, आशा, किशन सिंह माहौर, रामतीर्थ चक, नीलम दिवाकर, गौरव चक आदि हैं। वहीं स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने पालिका प्रशासन पर धनवसूली और विकास कार्यो में घोटाला किए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और नगर विकास मंत्री आजम खान से शिकायत की है।