Thursday, April 18, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » दुर्गा महोत्सव के अंतिम दिन सड़कों पर उमड़ा जन सैलाब

दुर्गा महोत्सव के अंतिम दिन सड़कों पर उमड़ा जन सैलाब

भीड़ काबू करने के लिए पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
दर्जनों स्थानों पर हुआ भंडारों का आयोजन
फिरोजाबाद/टूंडला, जन सामना ब्यूरो। नगर में चल रहे तीन दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतिम दिन नगर की सड़कों पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। चहुंओर माता रानी के जयकारों से राहें गुंजायमान हो रहीं थीं। भीड़ को संभालने में पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। माता रानी की एक झलक पाने को श्रद्धालु लालयित दिखे। नगर में बनाए गए गगनचुंबी तोरणद्वार अपनी अलग की छटा बिखेर रहे थे। विद्युत सजावट से नगर को इंद्र नगरी की तरह सजाया गया था।
सप्तमी, अष्टमी के बाद गुरुवार को नवमीं पर दुर्गा पूजा महोत्सव को देखने लिए दूर दराज से हजारों की संख्या में श्रद्धालु नगर में पहुंचे। माता रानी के दर्शनों को भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सड़क पर हर ओर भीड़ ही भीड़ दिखाई दे रही थी। नगर में सजने वाले करीब दर्जन भर से अधिक माता रानी के पांडाल भक्तों से खचाखच भरे हुए थे। भक्तों द्वारा सजाए गए माता रानी के विशाल भवन भक्तों को अपनी ओर आकर्षित करते नजर आए। विद्या संबंर्धिनी, बीरी सिंह, फ्रेंड्स क्लब, शिव समाधि मंदिर, एनसीआर, एमपी रोड, एटा रोड समेत अन्य आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही।
युवतियों ने किया डांडिया नृत्य
टूंडला। विद्या संबंर्धिनी धर्मशाला और ठा.बीरी सिंह स्थित दुर्गा पूजा महोत्सवों में डांडिया नृत्य का आयोजन किया गया। जिसमें युवतियों ने अपनी-अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन किया। नगर में करीब आधा दर्जन स्थानों पर देवी जागरण आयोजित किए गए। सुभाष चैराहे पर टैम्पो यूनियन द्वारा जागरण का आयोजन किया गया। नगर में दर्जनों स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया गया। जहां भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमाया।