Saturday, April 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सुहागनगरी में पांच साल बाद एक मंच पर साथ देखे गए मुलायम-अखिलेश

सुहागनगरी में पांच साल बाद एक मंच पर साथ देखे गए मुलायम-अखिलेश

मुलायम सिंह यादव को थैली भेंट करते अवनीन्द्र यादव

नसीरपुर के गांव नगला छवरैया में कारगिल शहीद बृजलाल की प्रतिमा का पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया अनावरण
फिरोजाबाद/शिकोहाबाद, एस. के. चित्तौड़ी। सैफई परिवार शुक्रवार को सुहागनगरी में एक मंच पर जुटा। इस बार मंच पर शिवपाल यादव के लिए जगह नहीं थी। समाजवादी पार्टी में अपमानित महसूस करने वाले शिवपाल यादव ने अपनी नई पार्टी तैयार कर ली। इसके बाद से ही मुलायम सिंह यादव कभी शिवपाल यादव के साथ तो कभी पुत्र अखिलेश यादव के साथ नजर आते थे। इस बार शहीद की प्रतिमा अनावरण में एक ही मंच पर पिता-पुत्र पहुंचे तो पूरा पांडाल धरती पुत्र मुलायम सिंह के नारों से गुंजायमान हो गया। हालांकि दोनों ही अलग-अलग हैलीकाॅप्टर से कार्यक्रम में पहुंचे।
शुक्रवार को कारगिल शहीद बृजलाल की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने अलग हैलीकाॅप्टर से मैदान पर पहुंचे। उनके कुछ देर बाद मुलायम सिंह यादव का हैलीकाॅप्टर कार्यक्रम में पहुंचा। मुलायम सिंह यादव ने शहीद की प्रतिमा का अनावरण किया। मुलायम सिंह यादव को सुनने के लिए मैदान पर हजारों की तादाद में लोग एकजुट हुए।
मंच पर रामगोपाल के साथ नजर आए मुलायम
शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव के बीच सबकुछ ठीक ठाक नहीं है। यही कारण रहा कि रामगोपाल यादव मौका पाते ही शिवपाल यादव पर कटाक्ष करने से नहीं चूकते। शुक्रवार को शहीद प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के मंच पर मुलायम सिंह यादव रामगोपाल के समीप खड़े नजर आए। इस दौरान उन्होंने रमागोपाल से कुछ बात भी की।
शिवपाल यादव की बड़ी मुश्किलें
अभी तक प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता यही सोचकर चल रहे थे कि कार्यक्रम में मुलायम सिंह यादव मौजूद नहीं रहेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मुलायम सिंह यादव कार्यक्रम में पहुंचे और सभी नेताओं से मिले। हालांकि अभी तक उन्होंने शिवपाल यादव को लेकर कुछ भी नहीं कहा। अखिलेश यादव ने मंच साझा करते हुए चुनावी बिगुल फूंक दिया।
जब अक्षय यादव का हाथ उठाकर मुलायम ने मांगा समर्थन
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने किए हैं जनहित के लिए काम, अक्षय के जीतने पर होगा क्षेत्र का विकास
फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। सुहागनगरी की जमीन से सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने अपने छोटे भाई प्रो. रामगोपाल यादव के बेटे वर्तमान सांसद अक्षय यादव के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद फिरोजाबाद आया हूं। बीच-बीच में आता रहूंगा। उन्होंने अक्षय यादव का हाथ उठाकर समर्थन करने की अपील की। साथ ही भीड़ देखकर वह गदगद हो गए।
कारगिल शहीद बृजलाल की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कहा कि अक्षय यादव अच्छा लड़का है। क्षेत्र का विकास कराएगा। इनके जीतने पर क्षेत्र का विकास होगा। समाजवादी पार्टी ने बिना भेदभाव के विकास कार्य कराया है। भाजपा ने अपने वादे पूरे नहीं किए। भाजपा ने जो कहा वह कभी पूरा नहीं किया। प्रदेश की जनता परेशान है। भीड़ देखकर मुलायम सिंह यादव गदगद हो गए।