Friday, March 29, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » नारी शक्ति वूमेन इन पावर संस्था ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली

नारी शक्ति वूमेन इन पावर संस्था ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली

कानपुर, डॉ. दीपकुमार शुक्ल। नारी शक्ति वूमेन इन पावर संस्था द्वारा स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत मोती झील के जय जवान शहीद स्मारक से मोती झील राजीव वाटिका तक मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि स्वीप कोऑर्डिनेटर कानपुर नगर डॉ. सुधांशु राय ने किया। इस अवसर पर स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ सुधांशु राय ने मतदान के महत्व को बताते हुए कहा कि आज युवाओं में जो नए मतदाता बने हैं उनके अंदर जबरदस्त उत्साह है। मतदान करने हेतु आज जरूरत है तो महिलाओं को मतदान करने हेतु प्रोत्साहित करने की। महिलाएं किसी भी देश के भविष्य को बदल सकती हैं। आज अगर ये सड़कों पर निकल कर मतदाता जागरूकता हेतु कार्य कर रही हैं तो निश्चित ही यह एक शुभ संकेत है। किसी भी देश के भविष्य निर्माण में डॉक्टर राय ने नारी शक्ति वूमेन इन पावर के इस प्रयोग की सराहना की और उन्हें प्रेरित करते हुए कहा कि अभी काफी समय है, अत: हम अपने उद्देश्य को प्राप्त करते हुए कानपुर में कम से कम 70% मतदान करने के टारगेट को पा सकते हैं। संयोजिका कविता दीक्षित ने कहा कि हम सभी महिलाएं इस बार मतदान के प्रति लोगों को संदेश दे रही हैं और अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए स्वयं तो मतदान करेंगे ही साथ ही साथ अपने परिवार और पास पड़ोस के लोगों को भी अवश्य ही मतदान करवाएंगे। कोषाध्यक्ष भावना श्रीवास्तव ने सभी महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज महिलाएं किसी से कम नहीं हैं। हम निश्चित ही कानपुर में रिकॉर्ड वोटिंग करवाएंगे और कानपुर नगर का मान रखते हुए समाज को संदेश देंगे कि हम मतदान और अपने देश के प्रति कितने सजग हैं। आज की महिला जागरूकता रैली का प्रभार कविता दीक्षित, भावना श्रीवास्तव एवं सुरभि द्विवेदी ने संभाला। इस रैली में नवचेतना महिला समिति, मुस्कान फाउंडेशन और नवप्रभात परिवार भी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन सुरभि द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम की संयोजिका कविता दीक्षित थी। इस अवसर पर मुस्कान फाउंडेशन की पूजा गुप्ता, सुनीता चौधरी, मोनिका सविता, तनुज, पंकज, संध्या शर्मा, प्रभा पांडे तथा विनय आदि सदस्य एवं महिलाएं उपस्थित रहे। इन सभी ने एक स्वर में कहा कि अबकी बार, शत प्रतिशत मतदान।