Friday, May 17, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आजादी के सही मायनों को समझना अमृत महोत्सव-एसपी

आजादी के सही मायनों को समझना अमृत महोत्सव-एसपी

हाथरस। आजादी के सही मायनों को समझना ही अमृत महोत्सव है। क्षेत्रीय लोक संपर्क ब्यूरो, सूचना और प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, मैनपुरी के द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के तहत जागरूकता व प्रचार अभियान कार्यक्रम जनपद के  रामचंद्र अग्रवाल बालिका इंटर कॉलेज, चवाड़ गेट में किया गया। कार्यक्रम का उदघाटन करते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा कि पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस अवसर पर हम सभी लोगों को यह प्रयास करना है कि हम अपने राष्ट्रीय त्योहारों को खूब जोर शोर से मनाए और आजादी दिलाने वाले लोगों के बलिदान को याद करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का भली-भांति निर्वाह करें, ये जिम्मेदारी हम लोगों की है कि बच्चे जो कि देश का भविष्य है, उन्हें सही जानकारी, शिक्षा, संस्कार दें। जिससे कि वो देश के इतिहास, संस्कृति से अनभिज्ञ न रहे, क्योंकि ये आजादी हमें तमाम मशक्कत के बाद मिली है, जिसको संभालना हमारी जिम्मेदारी है। उपजिलाधिकारी सदर राजकुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन के द्वारा हम सभी को देश के लिए शहीद हुए लोगों की जानकारी मिलती है, साथ ही उनसे प्रेरित होकर हम लोगों को देश को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करने की शक्ति मिलती है।
क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जयकिशन परिहार ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव का आयोजन हमें अपने देश की आजादी के भूले बिसरे सिपाहियों की याद दिलाता है। यह आयोजन पूरे देश में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के द्वारा किये जा रहे है। श्रीरामचंद्र अग्रवाल बालिका इंटर कॉलेज की उप प्रधानाचार्या श्रीमती सुषमा सिंह ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत बच्चों को काफी जानकारी मिलती है, जिससे कि वे देश के इतिहास, भूगोल से परिचित होते है।
अभियान के दौरान कॉलेज में स्कूली छात्रों के मध्य एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें सही उत्तर देने वाले 21 विजेता प्रतिभागियों वंदना, साधना, कोमल, भूमि, पल्लवी, रिजवाना, मीनू, मुस्कान, शीतल, मुस्कान खालिद, शिवानी, भूमिका, वंशिका, रश्मि, स्नेहलता, काजल, अनन्या, दीक्षा, शिवानी राना, डॉली व काजल को विभाग की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसी कार्यक्रम में प्रादेशिक लोकसंपर्क ब्यूरो, लखनऊ के पंजीकृत दल ब्रजविहार सांस्कृतिक दल, मथुरा के द्वारा लोकगीत व सांस्कृतिक कार्यकर्मो के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करते हुए संदेश दिया।
इस अवसर पर अमृता सिंह, पुनीश कुमारी, ममता सिंह, अनीता भारती, वंदना सिंह, राकेश डावर, नेहरू युवा केन्द्र के स्वयंसेवक सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।