Wednesday, May 15, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सपा का विजय रथ लेकर ऊंचाहार पहुंचे अखिलेश, जनसभा में उमड़ी लाखों की भीड़

सपा का विजय रथ लेकर ऊंचाहार पहुंचे अखिलेश, जनसभा में उमड़ी लाखों की भीड़

जनपद में सियासत का पारा गरम,विपक्ष पर गरजे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव

रायबरेली,पवन कुमार गुप्ता। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को ऊंचाहार में भाजपा पर जमकर हमला बोला।उन्होंने स्थानों व योजनाओं के नाम बदले जाने पर कहा कि आज ऊंचाहार से मैं प्रदेश की सरकार का नाम बदल कर योगी सरकार के स्थान पर अनुपयोगी सरकार रखता हूं। विधानसभा ऊंचाहार से विधायक गोप पूर्व मंत्री डॉ मनोज कुमार पांडे ने विजय रथ का स्वागत किया इसके साथ ही समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमिताभ पांडेय ने भी समर्थकों के साथ मौजूद रहे।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के अधूरे वादों को दोहराया

विजय यात्रा के दौरान रायबरेली में दूसरे दिन अखिलेश यादव ने विधानसभा ऊंचाहार में एक विशाल सभा को संबोधित किया।उन्होंने अपने संबोधन में शुरू से लेकर अंत तक भाजपा को निशाने पर रखा।सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नोटबंदी से लेकर डिजिटल इंडिया तक के भाजपा के नारे ने गरीब,मजदूर,किसान का नुक़सान किया है।भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि ये रंग बदलने वाली सरकार है।आपकी आय दोगुनी करने का वादा किया गया था।15-15 लाख रुपए आपके खाते में आने की बात की गई थी।किन्तु किसान के खाद की बोरी से पांच किलो खाद तक इस सरकार ने चोरी कर लिया।पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा दिए।सरसो का तेल दो गुने दाम पर मिलने लगा। किसानों को खाद बिजली नहीं मिली।साढ़े चार सालों में प्रदेश में एक भी पावर प्लांट नहीं लगा।सपा के मुखिया ने कहा कि भाजपा को लाल रंग से घबराहट होती है।ये वो लाल रंग है जिसने सम्पूर्ण क्रांति और सामाजिक क्रांति को जन्म दिया है।अखिलेश यादव ने कहा कि ऊंचाहार में योगी को मत भूलना वरना ऊंचाहार का भी नाम बदल देंगे।अखिलेश ने कहा कि बिना समाजवाद के रामराज नहीं आ सकता है क्योंकि समाजवाद के बिना रामराज की कल्पना ही व्यर्थ है।उन्होंने कहा समाजवाद का रंग लाल है।इस लालरंग को डॉ.राम मनोहर लोहिया,जय प्रकाश नारायण जी ने दिया है।इस लालरंग को जनेश्चर मिश्र,बृज भूषण तिवारी और मोहन सिंह जैसे समाजवादियों ने आगे बढ़ाया है।लालरंग समाजवाद का है,इसलिए समाजवाद को अपनाना होगा तभी रामराज आयेगा ।

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश की सरकार पर भी हमला बोला

अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए कहा कि अभी हाल में पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री को अपनी गाड़ी के पीछे पैदल चला दिया।अब समय आने वाला है,जनता इस सरकार को पैदल करेगी।उन्होंने कहा कि जिस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का पीएम ने उद्घाटन किया था।उसका नाम समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे था।उसका भी नाम भाजपा के लोगों ने बदल डाला।

वर्तमान सरकार ने बढ़ाई महंगाई,किसान परेशान,लोग बेरोजगार

सपा मुखिया ने योगी पर हमला बोलते हुए कहा कि यह चिलम जीवियों की सरकार है,इसको भगाना है और समाजवादियों की सरकार बनाना है।ये चिलम जीवी कहते है 24 घंटे काम किया किन्तु मंहगाई बढ़ गई,गैस के दाम बढ़ गए,शिक्षा मित्र की मांग नहीं मानी गई।अनुदेशक दर दर की ठोकरें खा रहे है,बेरोजगार परेशान है।किसान के खेत सांड खा रहे है,बिजली नहीं मिल रही है।

ऊंचाहार में जनसभा के लिए उमड़ी भीड़ में महिलाओं की बड़ी भागीदारी

सपा मुखिया की सभा में काफी दूर-दराज से लोगों को लाया गया था।इसके लिए पार्टी द्वारा बस,ट्रैक्टर व अन्य साधन का प्रबंध किया गया था।सभा में महिलाओं की भी खासी भागीदारी रही।जिसकी चर्चा अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में भी कहा।
अखिलेश यादव सभा स्थल पर तीन बजकर दस मिनट पर पहुंच गए थे।शुरुआती स्वागत पूर्व मंत्री व विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने किया।उसके तुरंत बाद अखिलेश यादव ने माइक संभाला और तीस मिनट तक जनसभा को संबोधित किया।उसके बाद उन्होंने अपने विजय यात्रा रथ से ही कुछ चुनिंदा पत्रकारों से वार्ता की।