Sunday, September 22, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय ने बसपा छोड़ी, बीजेपी में हो सकते हैं शामिल

पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय ने बसपा छोड़ी, बीजेपी में हो सकते हैं शामिल

हाथरस। विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में इस समय चल रहे राजनीतिक उथल-पुथल के बीच अब ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ एवं कद्दावर नेता एवं उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपना प्रभाव रखने वाले पूर्व केबिनेट ऊर्जा मंत्री एवं सादाबाद विधायक रामवीर उपाध्याय द्वारा आज बहुजन समाज पार्टी से इस्तीफा दे दिया गया है और अब कयास लगाए जा रहे हैं कि वह शीघ्र ही सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। हालांकि अभी पूर्व ऊर्जा मंत्री की ओर से कोई स्पष्टीकरण आगामी राजनीति को लेकर नहीं दिया गया है और आज पूर्व ऊर्जा मंत्री अपने आगामी कदम का ऐलान कर सकते हैं।
सादाबाद विधायक एवं पूर्व कैबिनेट ऊर्जा, परिवहन, चिकित्सा, शिक्षा एवं ग्रामीण समग्र विकास मंत्री रहे पं. रामवीर उपाध्याय द्वारा आज बसपा सुप्रीमो को अपना बसपा से त्यागपत्र भेजते हुए कहा गया है कि वह वर्ष 1996 से लेकर बहुजन समाज पार्टी में सक्रिय सदस्य रहे हैं और इस 25 वर्ष की राजनीति में उन्होंने बसपा के आदेश के अनुक्रम में पार्टी को ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरे प्रदेश में दिन-रात कड़ी मेहनत की। जिसके फल स्वरुप वर्ष 2007 में उत्तर प्रदेश में बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। किंतु सत्ता में रहने के बावजूद भी 2009 के लोकसभा चुनाव, 2012 के विधानसभा चुनाव, 2014 के लोकसभा चुनाव एवं 2017 के विधानसभा चुनाव में उम्मीद के अनुसार सीटें न जीतने पर भी पार्टी द्वारा कोई समीक्षा नहीं की गई। जिसकी मेरे द्वारा समय-समय पर मांग की गई थी।
पत्र में पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय ने कहा है कि मैंने आपको वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अवगत कराया था कि हम इस चुनाव में भी उम्मीद के अनुसार सीट हासिल नहीं कर रहे हैं। क्योंकि हमारे पास से कैडर वोट भी खिसक रहा है। किंतु आपने मेरे द्वारा बताई गई सच्चाई को नकारते हुए मुझे पार्टी से निलंबित कर दिया। जिससे मेरी एवं मेरे समर्थकों की भावनाएं आहत हुईं और आज बसपा मान्यवर कांशीराम साहब द्वारा बनाये हुये सिद्धांतों एवं आदर्शों से भटक चुकी है और इस कारण मैं बहुजन समाज पार्टी की सदस्यता से त्यागपत्र देता हूं।
पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय के बसपा से स्तीफा दिए जाने के बाद राजनैतिक गलियारों में जहां सरगर्मियां बढ़ गई हैं, वहीं इस समय उत्तर प्रदेश की राजनीति में मची उथल-पुथल में अब और ज्यादा मामला रोचक हो गया है और कयासबाजी के दौर शुरू हो गए हैं। जबकि राजनीतिक पंडितों द्वारा कयास लगाए जा रहे हैं कि पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो सकते हैं। क्योंकि पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय की पत्नी एवं हाथरस जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, उनके पुत्र चिरागवीर उपाध्याय, अनुज भ्राता विनोद उपाध्याय, मुकुल उपाध्याय व रामेश्वर उपाध्याय सहित पूरा परिवार भाजपा में है और भाजपा की मजबूती के लिए कार्य कर रहा है। इसलिए प्रबल संभावनाएं जताई जा रही हैं कि पूर्व ऊर्जा मंत्री भी भाजपा में शीघ्र ही शामिल हो सकते हैं और स्थिति अगले एक-दो दिन में स्पष्ट होने की संभावनाएं हैं।