Sunday, September 22, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » प्रजापति समाज के सामूहिक विवाहोत्सव में 9 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

प्रजापति समाज के सामूहिक विवाहोत्सव में 9 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में

हाथरस।  फुलेरा दूज के अवसर पर गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी प्रजापति महासभा के बैनर तले सामूहिक शादी का आयोजन किला मंदिर परिसर प्रांगण में किया गया तथा प्रजापति समाज के विशाल सामूहिक विवाह समारोह में समाज के लोगों की जहां भारी भीड़ उमड़ी वहीं केंद्रीय मंत्री एवं पालिकाध्यक्ष व भाजपा जिलाध्यक्ष आदि विशेष लोगों द्वारा भी भाग लिया गया और नवयुगल दम्पत्तियों को सुखमय एवं मंगलमय जीवन का आशीर्वाद भी दिया गया।
ब्रज के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के विशाल प्रांगण में प्रजापति समाज के आयोजित विशाल सामूहिक विवाह समारोह महोत्सव में आज मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री लोकेश प्रजापति ने भाग लिया और प्रजापति समाज के 9 जोड़ों को परिणय सूत्र में बांधा गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री लोकेश प्रजापति ने समाज को जागरूक जागृत रहने का आह्वान किया। विशाल सामूहिक विवाह समारोह महोत्सव में अन्य विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा ने भी 9 जोड़ों को दान स्वरूप कन्यादान किया। वहीं भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष गौरव आर्य ने भी वर वधू को आशीर्वाद प्रदान किया। ब्लाक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने भी सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर कन्यादान किया। इसी क्रम में तमाम स्वजातीय बंधुओं ने भी आकर के वर वधू को आशीर्वाद दिया।
इससे पूर्व 9 जोड़ों की बारात शहर के मुख्य बाजारों में से चढ़ती हुई किला मंदिर पर पहुंची। बैंड बाजों के साथ जब 9 जोडे एक साथ घोड़ों पर सवार होकर विभिन्न बाजारों में निकल रहे थे तो उन्हें देख लोग भूरि भिर प्रशंसा कर रहे थे और समाज को एक संदेश देने का काम किया। दहेज रहित शादी का संदेश देने का काम किया।
इस मौके पर देवकीनंदन गोला, आरसी गोला, महिपाल प्रजापति, खजान सिंह गोला, मोतीलाल गोला, दया शंकर प्रजापति, सियाराम प्रजापति तथा कार्यक्रम के संयोजक हीरालाल आदि ने भी अपने विचार रखे तथा प्रजापति समाज के वरिष्ठ लोगों एवं कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का आयोजकों द्वारा फूल मालाओं से लादकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत व सम्मान किया गया। इस पूरे कार्यक्रम का बहुत ही सफल संचालन सभासद अशोक गोला ने किया एवं दूर-दराज से आए सभी स्वजातीय बंधुओं ने कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में अलीगढ़, आगरा, फिरोजाबाद, एटा व अन्य जनपदों से भी लोगों ने आकर के वर वधू को आशीर्वाद दिया।
इस मौके पर सामूहिक विवाह समारोह के मुख्य अतिथि एवं केंद्रीय मंत्री लोकेश प्रजापति ने नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पं. आशीष शर्मा से अनुरोध किया कि आने वाले समय में शहर में दक्ष प्रजापति चौराहा भी बनाया जाए जिस पर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने कहा कि दक्ष प्रजापति मार्ग का नामकरण तो कर दिया है तथा चौराहे के लिए भी उन्हें आश्वासन दिया कि शहर के एक चौराहे को भी दक्ष प्रजापति चौराहा बनाया जाएगा। इस मौके पर प्रजापति समाज के लोगों की भारी संख्या में भीड़ मौजूद थी।