Thursday, May 16, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शहर में कई स्थानों पर रखी गई होली, महिलाओं ने किया पूजन

शहर में कई स्थानों पर रखी गई होली, महिलाओं ने किया पूजन

फिरोजाबाद। सुहागनगरी गुरूवार को परंपरागत तरीके से होली का पूजन किया गया। शहर में जगह-जगह होली रखी गई। होली पूजन का सिलसिला दोपहर बाद शुरु हो गया था। महिलाओं ने गुजिया, पूड़ी आदि से होलिका मईया का पूजन किया। परिवार में सुख-शांति की कामना की। देर रात होलिका दहन किया गया। लोग होली के रंग में रंगे नजर आए। अबीर-गुलाल लगाकर लोग गले मिले और होली की बधाई दी। जिले में दो हजार से अधिक स्थानों पर होली रखी गई। सुबह  से ही होलिका पूजन की तैयारियां शुरु हो गई थीं। युवा होलिका पर लकड़ी बढ़ाने के साथ होलिका को सजाते दिखे। दोपहर बाद महिला एवं युवतियां टोली बनाकर होली पूजन के लिए जाती दिखीं। लोगों ने घरों के आंगन में होली की स्थापना की। दोनों स्थान पर होली का पूजन किया। शहर के महावीर नगर, बस स्टैंड, जलेसर रोड़, गांधी नगर चौराहा, नई बस्ती आदि क्षेत्रों में होलिका सजी दिखी। कई स्थानों पर होलिका को आकर्षक ढंग से सजाया गया। होली के परंपरागत और फिल्मी गीतों पर युवा थिरकते नजर आए। होलिका पूजन के बाद से ही बच्चों ने होली खेलना शुरु कर दिया। शाम को बाजार भी जल्द बंद हो गया। लोग होली की शुभकामनाएं देते नजर आए।
सोशल मीडिया पर भी होली की दी शुभकामनाएं
सोशल मीडिया पर होली की शुभकामनाएं देने का क्रम जारी रहा। लोगों ने ई-ग्रीटिंग भेजकर या होली के गीतों के साथ शुभकामनाएं मैसेज भेजे। साथ ही गुजिया सहित अन्य खाद्य पदार्थों के फोटो भी शेयर किए। कई लोगों ने होली को प्रेमपूर्ण तरीके से बनाने के लिए कहा।