Friday, May 17, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आस्ट्रेलिया में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कराटे टूर्नामेंट में हाथरस के खिलाड़ी लेंगे भागःखुशी

आस्ट्रेलिया में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कराटे टूर्नामेंट में हाथरस के खिलाड़ी लेंगे भागःखुशी

हाथरस। ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हाथरस के जूडो कराटे के मुख्य प्रशिक्षक के साथ दो खिलाड़ी भी भाग लेंगे और यह अपने जनपद के लिए बड़े ही गौरव की बात है। उक्त खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में जाकर भारत की विजय पताका फहरायेंगे।उक्त जानकारी आज शहर के बुर्ज वाला कुआं स्थित स्पाईसी दावत रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में पालिकाध्यक्ष पं. आशीष शर्मा, वर्ल्ड बूडो सोतोरियो कराटे फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं मुख्य प्रशिक्षक सिहान एमएस सामुराई, भाजपा के वरिष्ठ नेता रामवीर सिंह भैयाजी एवं प्रमुख कॉलोनाइजर हर्षवर्धन उपाध्याय द्वारा संयुक्त रूप से दी गई। प्रेस वार्ता में पालिकाध्यक्ष पं. आशीष शर्मा ने बताया कि वर्ल्ड बूडो सोतोरियो के अध्यक्ष एवं मुख्य प्रशिक्षक सिहान मांधाता सिंह सामुराई किको द्वारा आयोजित काता एवं वेपन्स अंतर्राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में भाग लेंगे और उनके साथ गुजरात से वर्ल्ड बूडो के दो खिलाड़ी भी ऑस्ट्रेलिया में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने बताया कि यह हमारे जनपद हाथरस के लिए बड़े ही हर्ष एवं गौरव की बात है कि हाथरस के खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में हाथरस निवासी एवं मुख्य प्रशिक्षक मांधता सिंह सामुराई के नेतृत्व में अपना प्रदर्शन करेंगे। एमएस सामुराई ऑस्ट्रेलिया के मुख्य जैपनीज मास्टर डॉउग टर्नबुल से 1 माह का प्रशिक्षण भी लेंगे। पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने बताया कि सिहान मांधाता सिंह सामुराई वर्ष 2000 से ही कराटे खेल में लगे हुए हैं और जनपद हाथरस में सामुराई ने जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता कराई हैं। हाथरस के बच्चों के माता-पिता मार्शल आर्ट सिखाने से डरते थे। लेकिन उसके लिए सामुराई ने जगह-जगह पर कराटे ट्रेनिंग कैंप आयोजित कर बच्चों को मार्शल आर्ट के प्रति जागरुक किया और सिखाया भी है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर 2022 में सामुराई जनपद में ही 5 वीं अंतर्राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता आयोजित कराने वाले हैं। जिसमें ऑस्ट्रेलिया की कराटे टीम भी प्रतिभाग करती हुई नजर आएगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता रामवीर सिंह भैयाजी ने कहा कि वर्ल्ड बूडो के अध्यक्ष एवं मुख्य प्रशिक्षक मांधाता सिंह सामुराई ने जनपद में कई प्रतियोगितायें आयोजित कराई गई हैं। अंतर्राष्ट्रीय कराटे टूर्नामेंट में नेपाल, श्रीलंका आदि देशों के खिलाड़ियों को बुलाकर हाथरस का मान सम्मान बढ़ाया है और उन्होंने यह भी कहा कि कराटे खेल के प्रति लोगों में उत्साह एवं जागरूकता लाने हेतु वह शासन स्तर से भी प्रयास करेंगे। जिससे की मार्शल आर्ट को बढ़ावा मिल सके और जनपद से भी मार्शल आर्ट के खिलाड़ी निकलें और देश व प्रदेश स्तर पर ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हाथरस का नाम रोशन करें।
इस मौके पर एमएस सामुराई को भाजपा नेता रामवीर सिंह भैयाजी एवं दो बार लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर सिहानदाई नितिन सोलंकी ने ऑस्ट्रेलिया में आयोजित कराटे प्रतियोगिता के लिए बधाई दी। प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व डीजीसी क्रिमिनल वतन सिंह, नितिन सोलंकी, हुकुम सिंह आदि मौजूद थे।