Sunday, May 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 3 लाख घरों में तिरंगा लगाने गली-मोहल्ले में निकलेंगी टोलियां

3 लाख घरों में तिरंगा लगाने गली-मोहल्ले में निकलेंगी टोलियां

कानपुरः जन सामना ब्यूरो। देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ को भाजपा बहुत ही धूम-धाम से अमृत महोत्सव के रूप में मना रही है। महोत्सव के अंतर्गत भाजपा दक्षिण जिला इकाई 15 अगस्त तक तीन लाख घरों में तिरंगा झंडा फहरा कर लोकोत्सव मनाने की तैयारी कर रही है।
हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी के लिए बुधवार को केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में जिलाध्यक्ष डॉ वीना आर्या पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष, एमएलसी एवं जिला प्रभारी विजय बहादुर पाठक ने तैयारियों की समीक्षा की।
जिला प्रभारी विजय बहादुर ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान 9 अगस्त (क्रांति दिवस) से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस तक चलेगा।
उन्होंने जिलापदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्षों संग बैठक कर हर घर तिरंगा लगाने की रणनीति तैयार की।उन्होंने बताया कि 8 और 9 अगस्त को सभी वार्डों के गली, मुहल्ले में लाउडस्पीकर में रामधुन रघुपति राघव राजा राम बजाते हुए प्रभात फेरी निकाली जाएगी।
11 अगस्त को भाजयुमो, महिला मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा सहित सभी मोर्चों द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
तिरंगा झंडा हाथ में लेकर 9 से 15 अगस्त तक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा नेता महापुरुषों की मूर्ति पर पुष्प अर्पण करेंगे।
पार्टी कार्यकर्ता प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रमुख राजनैतिक नेताओं, प्रमुख उद्यमियों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, प्रतिष्ठित चिकित्सकों, वकीलों के घरों पर झंडा लगाएंगे। युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाने के लिए युवाओं एवं युवतियों को अपने अपने घरों में स्वयं झंडा लगाने के लिए प्रेरित करेंगे। 13, 14 ,15 अगस्त को तिरंगा टोलिया घरों में झंडा लगाने के लिए निकलेंगी। युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाने के लिए उनके घरों में झंडे लगाने के दौरान उस घर के युवाओं के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा। तिरंगा अभियान की सफलता के लिए 2,3,4,5 अगस्त को जिला पदाधिकारी शक्तिकेंद्रो में तैयारी बैठक करेंगे।
दक्षिण क्षेत्र में हर घर तिरंगा अभियान की जिम्मेदारी जिला उपाध्यक्ष अरविंद वर्मा, संजय कटियार, अमित मिश्रा को सौंप दी गई है। बैठक में प्रमुख रूप से शिवराम सिंह, प्रबोध मिश्रा, राम बहादुर, मनीष त्रिपाठी, अनुराग शुक्ला, अर्जुन बेरिया, वन्दना गुप्ता, शैलेन्द्र त्रिपाठी, विनोद मिश्रा आदि मौजूद रहे।