Sunday, May 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बागपत में 213 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद

बागपत में 213 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद

विश्व बंधु शास्त्रीः बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज 213 जोड़ो का विवाह धार्मिक व पूर्ण रीति रिवाज के साथ संपन्न हुआ। सभी नवदंपति को जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों ने आशीर्वाद प्रदान किया। सोमवार को बागपत शहर के चमरावल रोड स्थित इंद्रदेव इंस्टिट्यूट एजुकेशन एंड टेक्नोलॉजी में उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के 213 जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न कराया गया। सांसद डॉ सत्यपाल सिंह व जिलाधिकारी राजकमल यादव ने वर वधु को आशीर्वाद दिया व वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर सांसद डॉक्टर सत्यपाल सिंह ने कहा सरकार हर किसी के बारे में सोच रही है। हर व्यक्ति के उत्थान के लिए उसे आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री जी का सपना है कि कोई पिता अपने पुत्र पुत्री की शादी करने से वंचित नहीं रहना चाहिए, इसलिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना चलाई गई है। इसमें प्रदेश सरकार द्वारा स्वयं कन्यादान किया जाता है।
जिलाधिकारी राजकमल यादव ने कहा प्रदेश सरकार समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीब परिवार की बेटियों को परिणय सूत्र में बांधने का कार्य कर रही है।
आज 213 जोड़ों का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ जिसमें 186 हिंदू व 27 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। सभी हिंदू धर्म की शादी वेद मंत्रों के उच्चारण के माध्यम से व मुस्लिम शादियां निकाह के माध्यम से संपन्न की गई।
उन्होंने बताया, समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एक जोड़े पर सरकार द्वारा 51 हजार की धनराशि खर्च की जाती है जिसमें 35 हजार की एफडी लड़की के खाते में, 10 हजार का श्रृंगार, ज्वेलरी, कपड़ों, बर्तन पर खर्च किये जाते हैं। 6 हजार रुपए की धनराशि से विवाह कार्यक्रम के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं जिसमें से दोनों पक्षों के साथ आए अतिथियों के लिए खाने भोजन की व्यवस्था होती है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एमएल व्यास, कृषि उपनिदेशक प्रशांत कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रचना शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी अमित त्यागी सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।