फिरोजाबाद। जैन संस्कृति नैतिक संस्कार शिविर में पिछले दस दिनों से चल रही पाठशाला के समापन अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में बच्चों को उपहार व पुरस्कार वितरित किए गए। उत्तर प्रदेश जैन विद्या शोध संस्थान लखनऊ तथा दिगम्बर जैन परिषद द्वारा इन प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर सैकड़ों बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। श्रुत पंचमी के अवसर पर महावीर जिनालय में प्रज्ञा श्रमण बाल मुनि अमित सागर ससंघ के सान्निध्य में उत्तर प्रदेश जैन शोध संस्थान लखनऊ द्वारा सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जैन पाठशाला चैकी गेट एवं ओम नगर की छोटी बच्चियों द्वारा णमोकार मंत्र के उच्चारण से हुआ। इसके पश्चात भगवान महावीर के चित्र का अनावरण ललितेश प्रसाद जैन, राजेंद्र प्रसाद जैन द्वारा किया गया तथा दीप प्रज्वलन संस्थान के उपाध्यक्ष अभय कुमार जैन ने किया।
फिरोजाबाद सेवा समिति ने मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद सेवा समिति द्वारा जनपद के टॉपर छात्र-छात्राओं को फिरोजाबाद क्लब में प्रशस्त्री पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस सम्मान को प्राप्त कर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। समारोह में यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड तथा आईसीएसई बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सदर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर, रंजन गुरु दत्त सिंह और एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद द्वारा प्रशस्त्री पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक मनीष असीजा ने इस अवसर पर कहा कि जिले का नाम रोशन करने वाले सभी छात्र-छात्राएं बधाई के पात्र हैं। महापौर कामिनी राठौर ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी तरह मेहनत करते रहें और जनपद को गौरवान्वित करें।
सेवायोजकों द्वारा 377 रुपए प्रतिदिन की मजदूरी न देने पर फायर मेन एवं हेल्परों ने जताया रोष
फिरोजाबाद। गांधी पार्क में पिंटू हेल्पर की अध्यक्षता में फायर मेन एवं हेल्परों की एक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में श्रमिकों ने 2 मई को हुए समझौते के बावजूद सेवायोजकों द्वारा 377 रुपए प्रतिदिन की दर से मजदूरी न दिए जाने पर कड़ा रोष व्यक्त किया। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि समझौते के अनुसार उन्हें निर्धारित मजदूरी दी जानी थी, लेकिन अब तक इस पर अमल नहीं किया गया है, जिससे उनकी आजीविका पर असर पड़ रहा है। बैठक में मजदूरों ने मिलकर सेवायोजकों से तत्काल समझौते का पालन करने की मांग की।
देश में खुशहाली और विकास ला सकती है कांग्रेस – रामनिवास यादव
फिरोजाबाद। कांग्रेस ही देश में खुशहाली और समग्र विकास ला सकती है, जबकि भाजपा केवल धार्मिक भावनाओं का दोहन कर सत्ता में बनी रहकर पूंजीपतियों का हित साध रही है। यह बात कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने ग्राम ढकपुरा में आयोजित कांग्रेस संगठन सृजन बैठक में कही। रामनिवास यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से देश के प्रति समर्पित रही है। उसने आज़ादी की लड़ाई में कुर्बानियां दी हैं और सत्ता में रहते हुए भी त्याग का परिचय दिया है। आज भी राहुल गांधी लोगों के बीच जाकर सच्चाई को उजागर कर रहे हैं, जबकि भाजपा समाज में नफरत फैलाकर लोगों को आपस में लड़ाने का कार्य कर रही है।
पिता के सामने तीन बच्चे डूबे, दो को निकाला और एक बेटी डूबी
शिकोहाबाद। थाना क्षेत्र के गांव नगला बिलोटिया में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्ची की नहर में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब पिता के सामने ही तीन बच्चे नहर में डूबने लगे। पिता ने दो बच्चों को तो बचा लिया, लेकिन तीसरी बेटी को नहीं बचा सका। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अनुज राणा फोर्स और फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची का शव घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर बंबे से बरामद किया गया। गांव नगला बिलोटिया निवासी सुनील कुमार बेलदारी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसके चार बच्चे हैं—आदित्य (12), चिराग (9), वंशिका (8) और अंशिका (6)। रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे सुनील अपने चारों बच्चों को लेकर नगर के समीप खजूर खिलाने के लिए असुआ पुल के पास गया था।
बलदेव नगर पंचायत बनेगी आदर्श नगर पंचायत
मथुरा। बलदेव नगर पंचायत के चेयरमैन डॉ. मुरारी लाल अग्रवाल का दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो गया है। इस अवसर पर नगर पंचायत सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में अध्यक्ष ने बीते दो वर्षों में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। चेयरमैन ने बताया कि पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए नगर में 100 हैंडपंप और दो आरओ सिस्टम लगाए गए हैं। जल निकासी के लिए सीसी नालों और नालियों का निर्माण कराया गया है। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत डस्टबिन, हाथगाड़ी आदि पर करीब सात करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। नगरोदय योजना के अंतर्गत दो करोड़ रुपये से श्मशान घाट का निर्माण, 37 लाख रुपये की लागत से क्षीर सागर का विकास और 10 लाख रुपये की लागत से पार्क तथा सड़कों का कायाकल्प कराया जाएगा।
पार्षद वेलफेयर एसोसिएशन ने चलाया नहर साफ-सफाई अभियान
कानपुर। पार्षद वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा नौबस्ता पश्चिम वार्ड 65 क्षेत्र में स्थित नहर छठ पूजा घाट की साफ-सफाई का अभियान बड़े स्तर पर चलाया गया। इस अभियान में क्षेत्र के कई पार्षदों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। संरक्षक अमित पाण्डेय बंटी ने बताया कि महापौर प्रमिला पाण्डेय नगर के समग्र विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। वह नगर के प्रत्येक वार्ड की समस्याओं को सुनकर तत्काल समाधान कराने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान जनहित में शुरू किया गया है ताकि क्षेत्रवासियों को साफ-सुथरा और स्वच्छ वातावरण मिल सके। पार्षद योगेन्द्र शर्मा ने संरक्षक अमित पाण्डेय बंटी का माल्यार्पण कर अंग वस्त्र भेंटकर स्वागत किया।
पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त दो पुलिस कर्मियों को दी विदाई
हाथरस। पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में एक सादे समारोह के दौरान दो पुलिस कर्मियों को सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई दी गई। अधिवर्षता आयु पूर्ण करने वाले उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस संतोष कुमार और उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस वेद प्रकाश ने अपने सेवाकाल के दौरान विभाग में कुशलतापूर्वक दायित्वों का निर्वहन करते हुए सेवाएं दीं, जिसके उपरांत वे सेवानिवृत्त हुए। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों ने अपने सेवा काल के अनुभवों को विस्तार से साझा किया। पुलिस अधीक्षक ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित करते हुए उनके द्वारा विभाग को दिए गए योगदान की सराहना की और उनके स्वस्थ एवं शांतिपूर्ण भविष्य की कामना की।
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर कांग्रेस का नमन
मथुरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर और मथुरा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के निर्देश पर सेठवाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती सादगीपूर्ण ढंग से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष रूपा लवानिया ने की और उन्होंने उनकी छवि पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। महानगर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होल्कर मालवा क्षेत्र की एक विनम्र और उद्धार शासिका थीं। वे एक महान शिव भक्त और समाज सुधारक भी थीं। उनके हृदय में गरीबों, जरूरतमंदों और असहायों के लिए गहरी संवेदना और परोपकार की भावना थी। उन्होंने अपने राज्य की सीमाओं के बाहर भी अनेक धार्मिक स्थलों पर मंदिर, घाट, कुएं, बावड़ियां और मार्गों का निर्माण कराया। विशेष रूप से सोमनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिरों का जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण उनके उल्लेखनीय कार्यों में शामिल है।
सुहागनगरी में धूमधाम से मनाई गई लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती
फिरोजाबाद। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती सुहागनगरी में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और समाजसेवी संगठनों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। कोटला रोड स्थित अहिल्याबाई की प्रतिमा पर जन कल्याण सेवा समिति और ऑल इंडिया धनगर महासभा द्वारा आयोजित जयंती समारोह का शुभारंभ नगर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर और टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर ने माल्यार्पण कर किया। वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके आदर्शों और देशहित में किए गए कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई की न्यायप्रियता और धर्मनिष्ठा आज भी शासन की मिसाल हैं।