ऊंचाहार, रायबरेली। नगर पंचायत ऊंचाहार के पूर्व चेयरमैन मो. सल्लन, उनके पुत्र मो. याहिया उर्फ आज़ाद और बहू रीता सिंह पर धोखाधड़ी के आरोपों के चलते दर्ज मुकदमे के बाद अब यह मामला राजनीतिक रंग लेता दिख रहा है। नामजद अभियुक्त मो. याहिया ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने इस पूरे मामले को एक “सोची-समझी राजनीतिक साजिश” करार दिया और कहा कि उनका किसी अन्य व्यक्ति से कोई आर्थिक संबंध नहीं है। याहिया ने बताया कि उनका संपूर्ण लेन-देन केवल मरियम बानो नामक महिला से जुड़ा है।
मुख्य समाचार
गंगा दशहरा मेले को लेकर अधिकारियों ने गंगा घाट की व्यवस्था का लिया जायजा
ऊंचाहार, रायबरेली। 5 जून 2025 को दक्षिण वाहिनी मां गंगा, महर्षि गोकर्ण एवं राजा भगीरथ की तपोस्थली गोकर्ण तीर्थ घाट पर आयोजित होने वाले गंगा अवतरण दिवस एवं गंगा दशहरा मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मेले की तैयारियों को लेकर उपजिलाधिकारी राजेश श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक थाना ऊंचाहार संजय कुमार, और नए तहसीलदार सुजीत कुमार सिंह ने घाट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गंगा नदी में बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, शौचालय, प्रकाश आदि की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए सभी कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
रायबरेली में रोजगार मेला 06 जून को
रायबरेली। जिला सेवायोजन कार्यालय, रायबरेली के तत्वावधान में 06 जून 2025 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला बप्पा देवतादीन अग्रहरि आई०टी०आई०, शंकर नगर, मुराई बाग, डलमऊ, रायबरेली में प्रस्तावित है। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी क्लेसकॉर्प लिमिटेड, लखनऊ भाग ले रही है। कंपनी द्वारा आई०टी०आई० और डिप्लोमा धारकों के लिए विभिन्न रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी अपने मूल शैक्षिक प्रमाणपत्रों और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित हो सकते हैं। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले “रोजगार संगम पोर्टल” पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। यदि पंजीकरण में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय, रायबरेली से संपर्क कर सकते हैं।
मुड़िया पूर्णिमा मेला की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क
मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला की व्यवस्थाओं को लेकर सांसद हेमा मालिनी, विधायक मेघश्याम सिंह, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सभी विभागों की समीक्षा की। मुड़िया मेला 6 से 10 जुलाई तक आयोजित होगा। बैठक में मेला की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा अधीनस्थों को कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं के लिए पुलिस का व्यवहार सुशील एवं सहायक हो, इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि पीने के पानी की व्यवस्था, जलभराव की समस्या का निस्तारण, बरसात को ध्यान में रखते हुए बिजली सुरक्षा और आपूर्ति का विशेष ध्यान रखा जाए। परिक्रमा मार्ग में हाई मास्क लाइट सही होकर जलें, 212 सोलर लाइटें सभी चालू हों। सीसीटीवी से परिक्रमा मार्ग पर नजर रखी जाए। जन सुविधा, पेयजल प्याऊ और बाल पेंटिंग का कार्य जल्द पूरा किया जाए। पीए सिस्टम के स्थलों की जानकारी के साथ भजन सुनाने की व्यवस्था की जाए। मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी कर्मचारी वर्दी में रहें।
क्षत्रिय बंधु सेवा समिति के त्रिवार्षिक चुनाव संपन्न, चरण सिंह राजपूत अध्यक्ष व संजीव सेंगर कोषाध्यक्ष निर्वाचित
हाथरस। सासनी-जलेसर रोड स्थित जिया मैरिज होम, कस्बा महौ में क्षत्रिय बंधु सेवा समिति की विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में समिति का त्रिवार्षिक पुनर्गठन सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में समिति के सभी सक्रिय सदस्यों सहित क्षेत्र के अनेक क्षत्रिय बंधु उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता समिति के जिलाध्यक्ष डॉ. सुदेश राजपूत ने की, जिन्होंने संगठन की भूमिका और उसके महत्व पर प्रकाश डाला। महासचिव प्रदीप सेंगर ने विगत वर्षों में समिति द्वारा किए गए सामाजिक और ऐतिहासिक कार्यों की जानकारी दी।
बेकाबू और ओवरलोड डंफरों पर कार्रवाई न करके हौसला अफज़ाई कर रही पुलिस और प्रशासन
रायबरेली। ऊंचाहार के सलोन रोड पर बेकाबू और ओवरलोड डंफरों ने राहगीरों के लिए चलना मुश्किल कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अपनी जान हथेली पर रखकर सड़कों पर निकलने को मजबूर हैं। ओवरलोड डंफरों की वजह से सड़कों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। क्षेत्र में कई बार ऐसे डंफरों के कारण गंभीर सड़क हादसे हुए हैं, जिनमें लोगों की जान भी जा चुकी है। गौरतलब है कि ऊंचाहार क्षेत्र से होकर गुजर रहे गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है, जिसके चलते भारी वाहनों की आवाजाही दिन-रात बनी रहती है। इसका सीधा असर स्थानीय सड़कों पर पड़ रहा है, जो जगह-जगह से टूट चुकी हैं। खासकर उमरन बाजार के पास सड़कें गड्ढों से भर चुकी हैं और धूल का गुबार उठता रहता है।
टीबी मरीजों को प्रदान की गई पोषण पोटली
फिरोजाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दीदामई पर विशेष कार्यक्रम के तहत 35 टीबी मरीजों को गोद लिया गया और उन्हें पोषण पोटली वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को पोषण संबंधी सहायता प्रदान कर उनकी सेहत में सुधार लाना है। कार्यक्रम में जिला पी.पी.एम. समन्वयक सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों ने मरीजों को नियमित दवा लेने, संतुलित आहार अपनाने और समय-समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने की अपील की गई।
किसान गोष्ठी में किसानों की समस्याओं का कराया गया निराकरण
शिकोहाबाद। विकासखंड के ग्राम पंचायत असुआ में ‘विकसित कृषि संकल्प योजना 2025’ के अंतर्गत किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस योजना का उद्देश्य किसानों को सशक्त बनाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही के निर्देशन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लैब टू लैंड मॉडल के तहत किसानों तक सीधी पहुंच बनाकर उनके मुद्दों को समझा गया और मौके पर ही समाधान भी किया गया।गोष्ठी में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और वैज्ञानिकों ने भाग लिया, जिनमें डॉ. आर.बी. मीणा, डॉ. ओमकार सिंह यादव, डॉ. नरेश कुमार, राजेश कुमार, बृजेश कुमार, प्रशांत कुमार और एडीओ महेन्द्र सिंह सेंगर प्रमुख रूप से शामिल रहे। इन अधिकारियों ने गांव में उपस्थित किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याओं को सुना।
इंडियन करियर कम्प्यूटर एजुकेशन सेंटर पर व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का आयोजन
फिरोजाबाद। इंडियन करियर कंप्यूटर एजुकेशन सेंटर पर व्यक्तित्व विकास विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के युवाओं को उनके व्यक्तित्व को निखारने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता प्रवीण अग्रवाल और पीयूष अग्रवाल ने युवाओं को जीवन में व्यक्तित्व के महत्व को रोचक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने बताया कि एक अच्छा श्रोता बनना, सौम्य स्वभाव अपनाना और दूसरों की बुराई से बचना जैसे गुण किसी भी व्यक्ति के व्यक्तित्व को प्रभावशाली बनाते हैं। साथ ही, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि अच्छे व्यक्तित्व के लिए केवल व्यवहार ही नहीं, बल्कि पहनावा, बोलचाल और समय प्रबंधन जैसी सामान्य आदतें भी बेहद आवश्यक हैं।
नगला रानी में बौद्ध भिक्षु सम्मेलन संपन्न
हाथरस। मेण्डू रोड स्थित नगला रानी में बौद्ध भिक्षु सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बौद्ध भिक्षुओं ने भाग लिया और सत्संग व प्रवचन के माध्यम से बौद्ध धर्म के सिद्धांतों और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। सम्मेलन के दौरान नगला रानी आगमन पर बौद्ध भिक्षुओं का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया और भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई। इस अवसर पर समाज के कई दानदाताओं ने बढ़-चढ़कर दान दिया। कार्यक्रम के संयोजन में समाजसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Jansaamna