रायबरेली। भीषण गर्मी के मद्देनज़र जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देश पर जनपद में स्थित अमृत सरोवरों और अन्य परंपरागत तालाबों में पानी भरने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा देना है, बल्कि पशु-पक्षियों के लिए गर्मी में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराना भी है।
विकास खण्ड राही के खण्ड विकास अधिकारी गौरी सिंह राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में 17 अमृत सरोवर और 48 तालाबों में पानी भरने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जल स्रोतों को पुनर्जीवित करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे क्षेत्र में जल संकट की स्थिति से बचा जा सके।
इस अभियान के माध्यम से न केवल स्थानीय जल निकायों को पुनर्जीवित किया जा रहा है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन और जैव विविधता की रक्षा की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारी ने बताया कि यह कार्य शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। जिलाधिकारी के इस निर्देश के बाद क्षेत्रीय अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए अमृत सरोवरों और तालाबों में जल भराव का कार्य शुरू करा दिया है, जिससे ग्रामीणों के साथ-साथ क्षेत्र के जीव-जंतुओं को भी राहत मिल सकेगी।