हल्द्वानी, नैनीताल। एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं सदस्य एकता कुमारी के नेतृत्व में संस्था के दिव्य कार्य अभियान के अंतर्गत बाल दिवस के अवसर पर हल्द्वानी के राजपुरा क्षेत्र में बच्चों को पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। इस दौरान बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू एवं सदस्य प्रीति आर्या ने संयुक्त रूप से कहा कि बच्चे आने वाली पीढ़ी होने के साथ-साथ देश का भविष्य भी हैं। इसलिए हमारा परम कर्तव्य है कि हम बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान दें। किसी भी बच्चे का भविष्य उसके वर्तमान पर निर्भर करता है। उसकी आदतें, संस्कार, बौद्धिक क्षमता और रहन-सहन का तौर-तरीका ही उसके भविष्य की दिशा निर्धारित करते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा से बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा निखरकर सामने आती है और उनके ज्ञान का विस्तार होता है। यही बच्चे आगे चलकर देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करेंगे तथा प्रत्येक क्षेत्र में भारत की प्रगति और उन्नति में अपना योगदान देंगे। इसलिए हम सभी को बच्चों को पढ़ने-लिखने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करना चाहिए। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू, पार्षद प्रीति आर्या, एकता कुमारी, अशोक कुमार, नवल आर्या, संध्या कुमारी, जानकी देवी, अमन कुमार, सुशील राय, सूरज कुम्हार, मुकेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।a
Jansaamna