Sunday, November 15, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 839 वाहनों के चालान

यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 839 वाहनों के चालान

फिरोजाबाद। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने शनिवार को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 839 वाहनों के चालान कर जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान ऑटो, ई-रिक्शा सहित अन्य वाहनों की जांच की गई। निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने, ई-रिक्शा में साउंड स्पीकर लगाकर चलाने, ओवरस्पीडिंग करने तथा स्टंटबाजी और तेज गति से बाइक चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस के अनुसार, ऑटो एवं ई-रिक्शा के विरुद्ध 48, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने वाले ऑटो के 50, साउंड स्पीकर लगाकर चलाए जा रहे ई-रिक्शा के 43, ओवरस्पीडिंग के 58 तथा स्टंटबाजी और तेज गति से बाइक चलाने वालों के सात चालान किए गए। इसके अलावा, अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 633 वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 839 चालान किए गए। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं तथा ऑटो और ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाएं।a