फिरोजाबाद। प्राथमिक विद्यालय सिरौलिया में बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने सामूहिक रूप से केक काटकर बाल दिवस की खुशियां मनाईं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। प्रधानाध्यापिका डॉ. जया शर्मा ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य होने के साथ-साथ हमारी सबसे अनमोल धरोहर हैं। उनका सर्वांगीण विकास करना, उनकी प्रतिभाओं को निखारना तथा उन्हें आनंदमय और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुख्य अतिथि भगवान दास शंखवार ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में असीम संभावनाएं होती हैं। उचित मार्गदर्शन, अच्छे संस्कार और प्रोत्साहन से उन्हें देश का जिम्मेदार नागरिक बनाया जा सकता है। शशिभूषण ने कहा कि खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक होती हैं। साथ ही इनसे उनमें आत्मविश्वास और सहयोग की भावना भी विकसित होती है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। अंत में बच्चों को मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान सुमन प्रताप सिंह, सुनीता यादव, विमलेश, शकुंतला सहित विद्यालय के अन्य लोग उपस्थित रहे।
Jansaamna