Sunday, November 15, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जहां विरोध हो, वहां जाने से बचना चाहिए, कटु वचनों का घाव कभी नहीं भरता : प्रणवपुरी महाराज

जहां विरोध हो, वहां जाने से बचना चाहिए, कटु वचनों का घाव कभी नहीं भरता : प्रणवपुरी महाराज

फिरोजाबाद। श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रणवपुरी महाराज ने भगवान शिव और माता सती के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि जहां विरोध हो, वहां कभी नहीं जाना चाहिए। जब माता सती ने अपने पिता दक्ष प्रजापति के यज्ञ में जाने की इच्छा भगवान शिव के समक्ष व्यक्त की, तो भोलेनाथ ने उन्हें समझाया कि जब अपने ही स्वजन विरोधी बन जाएं, तो उनका व्यवहार अधिक कष्ट पहुंचाता है। ऐसे लोगों से मिलने से बचना चाहिए, क्योंकि शत्रु के दिए घाव समय के साथ भर जाते हैं, लेकिन कटु वचनों से मिले घाव कभी नहीं भरते। फिरोजाबाद क्लब में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में महाकालेश्वर पीठाधीश्वर, उज्जैन के प्रणवपुरी महाराज ने कहा कि भगवान शिव की बात न मानकर माता सती अपने पिता के यज्ञ में पहुंच गईं। वहां भगवान शिव का भाग न रखे जाने और उनका अपमान किए जाने पर माता सती अत्यंत दुखी और क्रोधित हो गईं। उन्होंने दक्ष प्रजापति सहित वहां उपस्थित लोगों को फटकार लगाई और योगाग्नि में अपने शरीर का त्याग कर दिया। इसके बाद माता सती ने हिमालय के घर माता पार्वती के रूप में पुनर्जन्म लिया और भगवान शिव से उनका पुनः विवाह हुआ।

ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुए महाराज ने कहा कि समाज उगते हुए सूर्य को नमस्कार करता है। जब बालक ध्रुव को उनकी सौतेली माता सुरुचि ने अपमानित कर वहां से भगा दिया, तो ध्रुव ने भगवान की कठोर तपस्या की और उसका फल प्राप्त किया। इसके बाद प्रजा, सेना और माता सुरुचि भी राजा उत्तानपाद के साथ ध्रुव के स्वागत के लिए पहुंचीं। इस प्रसंग से सीख मिलती है कि सफलता और सामर्थ्य प्राप्त होने पर दुनिया का व्यवहार भी बदल जाता है। अंत में श्रद्धालुओं को प्रभु भक्ति, सत्कर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई।